गंगापुर (प्रात:काल संवाददाता)। भगवान बिरसा मुंडा की 185वीं जयंती के उपलक्ष में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गंगापुर में शुक्रवार को एक दिवसीय नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर अपनी जांचें कराईं और उपचार प्राप्त किया। यह आयोजन जनजातीय गौरव दिवस की भावना के अनुरूप जनस्वास्थ्य को समर्पित रहा।

शिविर का संचालन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अधिकारी प्रभारी एवं कैंप प्रभारी डॉ. श्याम स्वरूप शर्मा के निर्देशन में हुआ। इस अवसर पर स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. मेघा समरिया ने भी अपनी चिकित्सीय सेवाएं प्रदान कीं। शिविर के दौरान आने वाले सभी मरीजों की नि:शुल्क जांचें और दवाइयां दी गईं। साथ ही 30 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के लोगों की एनसीडी (गैर-संचारी रोग) स्क्रीनिंग और काउंसलिंग की गई, जिससे लोगों को जीवनशैली संबंधी बीमारियों के प्रति जागरूक किया जा सके।

टीबी मुक्त भारत अभियान को सशक्त करते हुए शिविर में मरीजों की जांच और परामर्श किया गया। वहीं, डॉ. मेघा समरिया ने गर्भवती महिलाओं की स्क्रीनिंग, एएनसी मरीजों की जांच और काउंसलिंग कर सुरक्षित मातृत्व के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।

शिविर में कुल 278 लोगों ने लाभ प्राप्त किया, जिनमें 125 पुरुष और 153 महिलाएं शामिल थीं। स्वास्थ्य सेवाओं के संचालन में नर्सिंगकर्मी शाहिद अंसारी ने सक्रिय भूमिका निभाई, जबकि एएनएम लक्ष्मी मीणा और विमल बैरवा ने नवजात शिशुओं एवं गर्भवती महिलाओं का टीकाकरण किया।

यह शिविर न केवल स्वास्थ्य जांच का माध्यम रहा, बल्कि ग्रामीणों में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने का एक प्रभावी कदम भी साबित हुआ।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story