उदयपुर जिले के डबोक थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग 48 पर सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब दरौली ओवरब्रिज के पास दो कारों की आमने-सामने की जबरदस्त भिड़ंत हो गई। यह दुर्घटना इतनी भयावह थी कि एक कार डिवाइडर फांदकर सीधे रॉन्ग साइड पर जा गिरी और दूसरी कार से टकरा गई। हादसे में गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति की उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि छह लोग अस्पताल में जीवन से संघर्ष कर रहे हैं।


घटना सोमवार दोपहर उदयपुर से चित्तौड़गढ़ की ओर जा रही वरना कार के अनियंत्रित होने से हुई। डबोक थाना के हेड कांस्टेबल ललित कुमार के अनुसार कार अचानक नियंत्रण खो बैठी और सड़क के बीच बने ऊँचे डिवाइडर को फिल्मी अंदाज़ में लांघकर दूसरी ओर जा गिरी। उसी समय भटेवर से उदयपुर की तरफ आ रही स्विफ्ट कार पर वरना कार सीधी आकर गिर गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्विफ्ट कार बुरी तरह पिचक गई और उसके परखच्चे उड़ गए।


स्विफ्ट में सवार प्रीतम (27) पुत्र रोशनदास, निवासी सालेड़ा, को गंभीर चोटें आईं, जबकि अंकित (19) पुत्र कालूपुरी गोस्वामी निवासी अरनेड़ और किश्मत (29) पुत्र केशूलाल जणवा को हाथ-पैर में गंभीर फ्रैक्चर हुए। दूसरी ओर वरना कार में सवार सुंदरलाल (55) पुत्र लच्छीराम तेली, निवासी बुजड़ा, संतोष कंवर (52) पत्नी राजेंद्रसिंह निवासी जयपुर, दिलीप सिंह (54) निवासी उदयपुर तथा राजन पुत्र कालूपुरी, निवासी उत्तर प्रदेश हाल उदयपुर, भी गंभीर रूप से घायल हो गए।


हादसे के तुरंत बाद हाईवे पर लंबे समय तक जाम की स्थिति बन गई। पुलिस ने मुख्य मार्ग पर यातायात रोककर वाहनों को सर्विस रोड से डायवर्ट कराया। कांस्टेबल रामसिंह और अन्य पुलिसकर्मियों की मदद से दोनों क्षतिग्रस्त कारों को क्रेन से हटाकर मार्ग को साफ किया गया। सभी घायलों को एम्बुलेंस से निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें महाराणा भूपाल चिकित्सालय रेफर कर दिया गया।


एमबी अस्पताल में इलाज के दौरान वरना कार में सवार गंभीर रूप से घायल सुंदरलाल तेली की मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया है और मामले की जांच जारी है। यह हादसा न सिर्फ लापरवाही की एक भयावह मिसाल बन गया, बल्कि हाईवे पर सुरक्षा और नियंत्रित गति की आवश्यकता को भी एक बार फिर रेखांकित कर गया।

Hemant Ameta, Udaipur

Hemant Ameta, Udaipur

हेमंत अमेटा उदयपुर से प्रात:काल के लिए समाचार कवर करने वाले अनुभवी रिपोर्टर हैं। वे स्थानीय, राज्य और राष्ट्रीय स्तर की खबरों को सटीक और निष्पक्ष दृष्टिकोण से पाठकों तक पहुँचाने के लिए समर्पित हैं। हेमंत अपने तेज़ रिफ्लेक्स और खबरों की गहन जांच के लिए जाने जाते हैं, जिससे पाठकों को हर अपडेट समय पर और भरोसेमंद जानकारी के साथ मिलती है।

Next Story