उदयपुर जिले के वेटरनरी महाविद्यालय नवानिया में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को समर्पित खेलकूद, सांस्कृतिक एवं साहित्यिक सप्ताह–2025 का गुरुवार को गरिमामय और उत्साहपूर्ण शुभारंभ हुआ। समारोह में शिक्षा, सेवा और अनुशासन का अनूठा संगम देखने को मिला, जहां जनप्रतिनिधियों, शिक्षाविदों और विद्यार्थियों की उपस्थिति ने आयोजन को विशेष बना दिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वल्लभनगर विधायक उदयलाल डांगी रहे, जबकि अध्यक्षता वेटरनरी विश्वविद्यालय के कुलगुरु डॉ. सुमंत व्यास ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में कर्नल प्रकाश कुमार एन., कमान अधिकारी 2 राज आर एंड वी रेजिमेंट एनसीसी नवानिया, क्रीड़ा भारती के उपाध्यक्ष विक्रम सिंह चंदेल तथा समाजसेवी भंवर भट्ट मंचासीन रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के अधिष्ठाता प्रो. (डॉ.) शिव शर्मा के स्वागत उद्बोधन से हुआ, जिसमें उन्होंने महाविद्यालय की शैक्षणिक, अनुसंधान एवं प्रसार गतिविधियों की विस्तार से जानकारी दी।

मुख्य अतिथि विधायक उदयलाल डांगी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए पशुचिकित्सा क्षेत्र को समाज के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण सेवा बताया और कहा कि यह क्षेत्र मूक पशुओं की सेवा का सशक्त माध्यम है। उन्होंने गिर गाय की उपयोगिता पर अपने अनुभव साझा करते हुए महाविद्यालय में ऑडिटोरियम निर्माण के लिए सरकार से बजट उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। साथ ही क्रिकेट एवं फुटबॉल ग्राउंड के विकास हेतु विधायक निधि से राशि प्रदान करने की घोषणा कर विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाया।

अध्यक्षीय उद्बोधन में कुलगुरु डॉ. सुमंत व्यास ने कहा कि खेलकूद और सांस्कृतिक गतिविधियां विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की आधारशिला हैं। इनसे आत्मविश्वास, अभिव्यक्ति क्षमता और मानसिक दृढ़ता का विकास होता है। उन्होंने यह भी कहा कि खेल जीवन में असफलता को स्वीकार करने और उससे सीखने की प्रेरणा देते हैं, जो आज के प्रतिस्पर्धी युग में अत्यंत आवश्यक है।

कर्नल प्रकाश कुमार एन. ने विद्यार्थियों को खेलों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हुए अनुशासन और टीम भावना के महत्व पर बल दिया। विक्रम सिंह चंदेल ने शिक्षा के चार प्रमुख स्तंभ—अकादमिक, साहित्यिक एवं सांस्कृतिक, खेलकूद और साहसिक गतिविधियों—पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को अपने अध्ययन विषय में गहन चिंतन करने की प्रेरणा दी। समाजसेवी भंवर भट्ट ने भी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेलों में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।

इस अवसर पर अतिथियों ने फाइबर ग्लास से निर्मित गिर गाय एवं गौ-वत्स की प्रतिमा का लोकार्पण किया। साथ ही पशु पोषण विभाग द्वारा स्थापित चारा कैफेटेरिया, भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद द्वारा वित्त पोषित एससी-एसपी परियोजना, आईसीएआर समर्थित एक्सपीरिएंशल लर्निंग परियोजना (पिग फार्मिंग), राष्ट्रीय एकल स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत प्रहरी निगरानी स्थल की एकल स्वास्थ्य प्रयोगशाला, नवीनीकृत एथनो-वेटरनरी हर्बल पार्क तथा लाइब्रेरी में ऑनलाइन पब्लिक एक्सेस कैटलॉग और ‘वन नेशन वन सब्सक्रिप्शन’ का भी शुभारंभ किया गया।

कार्यक्रम के पश्चात अतिथियों ने रंग-बिरंगे गुब्बारे उड़ाकर सप्ताह का औपचारिक उद्घाटन किया और पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इसके बाद कुलगुरु की अध्यक्षता में संकाय सदस्यों से संवाद आयोजित हुआ तथा महाविद्यालय के विभिन्न फार्मों का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।

कार्यक्रम का धन्यवाद ज्ञापन सहायक अधिष्ठाता छात्र कल्याण डॉ. हेमंत जोशी ने किया। इस अवसर पर प्रभारी खेलकूद डॉ. महेंद्र सिंह मील सहित महाविद्यालय के संकाय सदस्य, कर्मचारी और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। संपूर्ण कार्यक्रम का संचालन सहायक आचार्य डॉ. अभिषेक गौरव द्वारा किया गया। आयोजन ने न केवल विद्यार्थियों में नई ऊर्जा का संचार किया, बल्कि शिक्षा के साथ खेल और संस्कृति के महत्व को भी सशक्त रूप से रेखांकित किया।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story