उदयपुर। शहर के गोवर्धनविलास थाना क्षेत्र में एक महिला से लाखों की ठगी का मामला सामने आया है, जिसमें प्रोपर्टी व्यवसायी और उसके साझेदारों पर पहले भूखण्ड बेचने और बाद में वही जमीन किसी अन्य को बेच देने का संगीन आरोप लगा है। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, आनंद विहार कॉलोनी टेकरी रोड निवासी हेमलता जैन पत्नी चन्द्रेश जैन ने रिपोर्ट दी कि प्रोपर्टी कारोबारी कनकमल जैन और उसके पार्टनर, जो मैसर्स पेरेडाइज एस्टेट नामक फर्म से जुड़े हैं, ने मिलकर उसे धोखा दिया। इस फर्म के अन्य साझेदारों में कृष्ण कुमार मीणा, गंगा कुमारी मीणा, सीताराम, धनपाल जैन, संजय शर्मा, राजीव शर्मा, महेन्द्र सालवी और पुरुषोत्तम लाल पंड्या शामिल हैं।

रिपोर्ट के अनुसार, आरोपी कनकमल और उसके सहयोगियों ने खुद को रियल एस्टेट डेवलपर बताते हुए हेमलता जैन को निवेश पर अच्छा लाभ दिलाने का लालच दिया। इस दौरान उन्होंने ग्राम पंचायत काया की पेरेडाइज आवासीय योजना में भूखण्ड संख्या 10, कुल क्षेत्रफल 4250 वर्गफीट, उसे बेचने का सौदा किया। 16 अक्टूबर 2021 को इस भूखण्ड की पावर ऑफ अटॉर्नी हेमलता के नाम रजिस्टर्ड करवा दी गई। इसके बाद आरोपी पक्ष ने भूखण्ड संख्या 11 (कुल 8500 वर्गफीट क्षेत्र) का सौदा भी उसी के साथ किया, जिसके बदले उसने कुल 6 लाख 88 हजार 500 रुपये का भुगतान किया।

हेमलता का आरोप है कि सौदे के बाद आरोपियों ने उसे यह कहकर टाल दिया कि वे जल्द ही भूखण्डों की रजिस्ट्री करवा देंगे। मगर कुछ ही दिनों बाद, 20 अक्टूबर 2021 को आरोपी कनकमल ने मिलीभगत से उसी भूखण्ड की पावर अपने नाम करवा ली। इसके बाद 28 मार्च 2023 को कनकमल ने उसी भूखण्ड संख्या 11 का एग्रीमेंट टू सेल संजय शर्मा के पक्ष में, राजीव शर्मा के माध्यम से करवा दिया।

पीड़िता के अनुसार, जब उसे इस पूरे खेल की जानकारी मिली, तो उसने विरोध किया, जिस पर आरोपी पक्ष ने उसे धमकाया भी। अब उसने न्याय की मांग करते हुए पुलिस में शिकायत दी, जिस पर गोवर्धनविलास थाना पुलिस ने कनकमल जैन और उसके सहयोगियों के खिलाफ धोखाधड़ी, आपराधिक षड्यंत्र और धमकी के आरोप में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस मामले की तह तक जाने और पूरे प्रॉपर्टी ट्रांजैक्शन के दस्तावेजों की जांच में जुटी है। यह मामला शहर में तेजी से पनप रहे प्रॉपर्टी विवादों और निवेश ठगी के नए रूपों को उजागर करता है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story