उदयपुर। प्रतापनगर थाना क्षेत्र में सगाई विवाद ने रविवार दोपहर एक भयावह रूप ले लिया, जब समझौते के नाम पर बुलाए गए परिवार पर अचानक धारदार हथियारों से हमला कर दो लोगों को गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है, जबकि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पीड़ित गजेन्द्र नागदा ने रिपोर्ट में बताया कि 12 नवंबर की दोपहर करीब डेढ़ बजे नरेन्द्र नागदा और नन्दलाल ने उसे और उसके पिता को फोन कर सगाई से जुड़े विवाद का निपटारा कराने की बात कही और पूरे परिवार को जोगणिया माताजी पावर हाउस बुलाया। कहा गया कि दुर्गाशंकर के परिवार को भी वहां लाया जाएगा और मौके पर आपसी समझौता करवा दिया जाएगा।

गजेन्द्र अपने पिता जगदीश नागदा, भाई नरेन्द्र, माँ और बहन के साथ निर्धारित स्थान पर पहुँचे, जहां पहले से दुर्गाशंकर नागदा, टमा नागदा, उनका बेटा निखिल, दुर्गाशंकर का साला रोशन नागदा, जय नागदा पुत्र अम्बालाल नागदा, आशा नागदा तथा नरेन्द्र और नन्दलाल मौजूद थे। परिवार के पहुँचते ही सामने वाले पक्ष ने विवाद करना शुरू कर दिया और कुछ ही क्षणों में स्थिति हिंसक हो गई।

आरोप है कि दुर्गाशंकर नागदा ने गजेन्द्र के पिता के दोनों हाथ पकड़ लिए और उसी दौरान निखिल नागदा ने उन पर सिर में चाकू से लगातार तीन से चार वार कर दिए। जय नागदा ने गजेन्द्र के छोटे भाई नरेन्द्र के हाथ पकड़ लिए और निखिल ने उसके सिर पर भी चाकू से हमला किया। गजेन्द्र के बीच-बचाव करने पर जय नागदा ने उस पर भी हमला कर मारपीट की। इस दौरान टमा नागदा और आशा नागदा द्वारा भी मारपीट करने के आरोप लगाए गए हैं।

लगातार वार से गजेन्द्र के पिता और भाई लहूलुहान होकर गिर पड़े। परिवार किसी तरह उन्हें वहां से निकालकर एक निजी अस्पताल ले गया, जहां दोनों का उपचार जारी है। घटना के बाद पीड़ित परिवार ने प्रतापनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस हमलावरों की भूमिका, घटना में प्रयुक्त हथियार और विवाद की पृष्ठभूमि की गहन जांच कर रही है।

इस खूनी हमले ने न केवल इलाके को दहला दिया है बल्कि पारिवारिक विवादों के खतरनाक मोड़ लेने पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल सभी आरोपियों की भूमिका स्पष्ट कर जल्द कार्रवाई की जाएगी।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story