उदयपुर में 13 वर्षीय छात्रा ने की आत्महत्या, स्कूल न जाने का बहाना बनाकर घर में लगाई फांसी
उदयपुर के सवीना क्षेत्र में 13 वर्षीय नवमी कक्षा की छात्रा ने मानसिक तनाव के चलते फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। भाई-भाभी के बाहर रहने के दौरान हुई इस दर्दनाक घटना ने परिवार और क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।

उदयपुर। शहर के सवीना थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक घटना ने सभी को झकझोर दिया, जहां मात्र 13 वर्षीय नवमी कक्षा की छात्रा ने मानसिक तनाव के चलते अपनी जान दे दी। सोमवार दोपहर को सवीनाखेड़ा रोड स्थित किराए के मकान में रहने वाली छात्रा रूचि मीणा ने साड़ी से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
पुलिस के अनुसार मृतका रूचि, शांतिलाल मीणा की पुत्री थी, जो मूलतः पानवा, ऋषभदेव की निवासी थी और पढ़ाई के लिए अपने बड़े भाई और भाभी के साथ उदयपुर में रह रही थी। उसकी बड़ी बहन भाग्यश्री पास ही गीताजंली की तरफ किराये के एक अन्य कमरे में रहती थी।
घटना वाले दिन सुबह भाई रिसोर्ट में अपनी ड्यूटी पर चला गया था और भाभी प्रियंका मीणा एमबी कॉलेज में परीक्षा देने गई थीं। घर पर अकेली रूचि ने स्कूल जाने से मना कर दिया था। उसने भाई से कहा था कि उसे पेट में दर्द है और वह स्कूल नहीं जा पाएगी। उसकी सहेली भी उसे बुलाने आई, लेकिन रूचि ने उसे भी लौटने को कह दिया।
दोपहर करीब तीन से चार बजे के बीच जब घर में कोई नहीं था, तब उसने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद किया और पंखे से साड़ी का फंदा लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। थोड़ी देर बाद उसकी बड़ी बहन भाग्यश्री सब्जी लेने के बहाने आई और छोटी बहन से मिलने पहुंची, लेकिन दरवाजा नहीं खुला। जब उसने झांका तो अंदर का दृश्य देख दंग रह गई — रूचि फंदे से लटकी हुई थी। उसकी चीखें सुनकर आसपास के लोग एकत्रित हो गए और पुलिस को सूचना दी गई।
सवीना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर छात्रा को नीचे उतारा। शाम को जब भाई काम से लौटा, तब उसे इस हादसे की जानकारी मिली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और पिता शांतिलाल मीणा की रिपोर्ट पर मामला दर्ज किया। पिता ने बताया कि रूचि स्वभाव से खुशमिजाज थी और उसने कभी किसी परेशानी का जिक्र नहीं किया। पुलिस अब आत्महत्या के कारणों की जांच में जुटी है।
यह घटना शहर में बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य और पारिवारिक संवाद की अहमियत को एक बार फिर उजागर करती है। एक होनहार छात्रा की यह असमय मौत समाज के लिए गहरी चिंता का विषय बन गई है।
- "उदयपुर आत्महत्या मामला13 वर्षीय छात्रा फांसीसवीना थाना उदयपुररूचि मीणा आत्महत्याछात्रा की मौत उदयपुरउदयपुर न्यूजमानसिक तनाव से आत्महत्यापानवा ऋषभदेव उदयपुरसवीनाखेड़ा रोड घटनाउदयपुर पुलिस जांचRajasthan suicide caseUdaipur girl suicideSavina police station casestudent suicide Udaipurmental stress student death"

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
