मावली। मावली शहर के प्रतिष्ठित शिक्षा केंद्र, पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय में 77वां एनसीसी दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। एनसीसी यूनिट 2 राज आर एंड वी रेजीमेंट, नवानियाँ के तत्वाधान में आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि प्राचार्य श्री घनश्याम मीना तथा एसोसिएट एनसीसी ऑफिसर विजय लाल बैरवा ने एनसीसी ध्वज फहराकर औपचारिक रूप से कार्यक्रम की शुरुआत की।

कार्यक्रम की विशेषता सभी शिक्षकों को एनसीसी कैप एवं बैच पहनाकर सम्मानित करना रही। इसके बाद कैडेट्स ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी, जिसमें ऑपरेशन सिंदूर पर देशभक्ति नृत्य, अजय गोयल द्वारा सांप्रदायिक सद्भाव पर कविता वाचन और छात्र हर्ष मेघवाल द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति गीत "चिट्ठी आई है वतन से..." शामिल थे। इन प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम के माहौल को देशभक्तिपूर्ण बना दिया।

इस अवसर पर कैडेट्स द्वारा बनाई गई देशभक्ति पेंटिंग्स की प्रदर्शनी भी आयोजित की गई, जिसे प्राचार्य महोदय ने अत्यधिक सराहा और कहा कि यह छात्रों की रचनात्मकता और कल्पनाशीलता का उत्कृष्ट उदाहरण है। एसोसिएट एनसीसी ऑफिसर ने अपने संबोधन में कहा कि एनसीसी जीवन में अनुशासन, नेतृत्व, निस्वार्थ सेवा और धर्मनिरपेक्षता की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने यह भी बताया कि विभिन्न प्रतियोगिता परीक्षाओं में एनसीसी प्रमाणपत्र को वरीयता दी जाती है।

प्राचार्य श्री घनश्याम मीना ने सभी कैडेट्स को एनसीसी दिवस की शुभकामनाएं देते हुए जीवन में अनुशासन, एकता और अपनी वर्दी की गरिमा बनाए रखने का संदेश दिया। उन्होंने छात्रों के अंदर जोश, उत्साह और देशभक्ति की भावना जागृत करने पर जोर दिया। कार्यक्रम का संचालन छात्रा कैडेट्स सानिया डांगी और भव्य पालीवाल ने किया। इस अवसर पर डॉ. दशरथ कुमार, सत्यम बरवड़, विनोद कुमार पटेल, गजे सिंह, निवेदिता चंद्रावत और विमला सोनी सहित कई शिक्षक गण उपस्थित रहे।

एनसीसी दिवस का यह आयोजन न केवल छात्रों में राष्ट्रीय चेतना और अनुशासन की भावना को प्रबल करता है, बल्कि उन्हें समाज और देश के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनाने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम साबित होता है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story