उदयपुर। राजस्थान पुलिस मुख्यालय ने रविवार देर रात बड़े स्तर पर प्रशासनिक फेरबदल करते हुए प्रदेशभर में 180 उप पुलिस अधीक्षकों (RPS) के तबादले कर दिए। इस सूची में उदयपुर संभाग के कई अधिकारियों के तबादले शामिल हैं। इनमें गिर्वा के डिप्टी एसपी सूर्यवीरसिंह का भी तबादला किया गया है, जिसका संबंध हाल ही में सायरा में हुए विवाद से जोड़ा जा रहा है।

सायरा क्षेत्र में कुछ दिनों पूर्व सड़क दुर्घटना में एक युवक की मृत्यु के बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई थी। मृतक की मौत के विरोध में आदिवासी समुदाय ने हाईवे जाम कर दिया था। जाम करीब पांच घंटे तक चला, जिसके बाद गिर्वा डिप्टी एसपी सूर्यवीरसिंह ने मौके पर पहुंचकर सड़क को खुलवाने के लिए कार्रवाई की थी। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी झड़प हुई और पथराव की घटनाएं सामने आईं। कई पुलिसकर्मी घायल हुए और बाद में दो दर्जन से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया गया।

घटना के बाद सोशल मीडिया पर डिप्टी एसपी सूर्यवीरसिंह का एक वीडियो भी वायरल हुआ था, जिसमें वे गाली-गलौच करते हुए दिखाई दे रहे थे। सूत्रों के अनुसार, यह वीडियो और सायरा विवाद ही उनके तबादले की मुख्य वजह बने हैं। हालांकि, पुलिस विभाग की ओर से इसे नियमित प्रशासनिक प्रक्रिया बताया जा रहा है।

उदयपुर संभाग से जिन अधिकारियों के स्थानांतरण किए गए हैं, उनमें सुदर्शन पालीवाल को गंगापुर भीलवाड़ा, शंकरलाल मीणा को रावतभाटा चित्तौड़, डूंगरसिंह चुंडावत को कोटड़ा, रामेश्वरलाल को छोटीसादड़ी, महिपालसिंह को कुशलगढ़, मदनलाल को सीमलवाड़ा डूंगरपुर, राकेश शर्मा को भीम राजसमंद, परसराम चौधरी को आसपुर, बाबूलाल रैगर को गढ़ी बांसवाड़ा, शिवन्या सिंह को गंगरार चित्तौड़, राहुल जोशी को मांडल, भूराराम खिलेरी को सहायक कमांडेंट मेवाड़ भील कोर बांसवाड़ा, नीतू सिंह को एससी-एसटी सेल उदयपुर, राजेश यादव को पश्चिम उदयपुर, विनय चौधरी को साइबर क्राइम उदयपुर, विवेक सिंह राव को झाड़ोल, नेत्रपाल सिंह को राजसमंद, रेवड़ मल मोर्य को जहाजपुर भीलवाड़ा, विनोद लखेरा को भदेसर, सुरेश डबरिया को कोटड़ी भीलवाड़ा, रोहित चावला को एससी-एसटी सेल राजसमंद, गोपाललाल को गिर्वा उदयपुर, जितेंद्र जैन को एससी-एसटी सेल प्रतापगढ़, मनीष चारण को यातायात भीलवाड़ा और शिप्रा राजावत को नाथद्वारा में पदस्थापित किया गया है।

इस बड़े तबादला आदेश के साथ पुलिस विभाग में नई ऊर्जा और सख्त अनुशासन की उम्मीद की जा रही है। वहीं, सायरा मामले से जुड़ा यह स्थानांतरण पुलिस अधिकारियों में चर्चा का विषय बना हुआ है।

Updated On
Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story