उदयपुर। भगवान बिरसा मुंडा के अद्वितीय बलिदान और जनजातीय समाज में उनके योगदान को याद करते हुए राजस्थान में 1 से 15 नवम्बर तक विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन जनजातीय गौरव वर्ष के अंतर्गत भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती को समर्पित होगा। शुक्रवार को संभागीय आयुक्त प्रज्ञा केवलरमानी ने इस संदर्भ में संभागीय आयुक्त कार्यालय में अधिकारियों की बैठक लेकर तैयारियों की समीक्षा की और सभी कार्यक्रमों को सुव्यवस्थित एवं गरिमापूर्ण ढंग से संपादित करने के निर्देश दिए।

संभागीय आयुक्त केवलरमानी ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने सामाजिक चेतना और आजादी की राह में अपने प्राणों का उत्सर्ग किया। उनके योगदान को युगों-युगों तक स्मरण किया जाएगा। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव की ओर से इस 15 दिवसीय जनजातीय गौरव आयोजन के लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं, जिनका पालन सुनिश्चित किया जाएगा।

बैठक में एडीएम प्रशासन दीपेंद्रसिंह राठौड़, सीईओ जिला परिषद रिया डाबी, एसीईओ वीरमाराम, नगर निगम उपायुक्त दिनेश मंडोवरा, मुख्य जिला शिक्षाधिकारी प्रतिभा गुप्ता, अधीक्षण अभियंता यूडीए अनित माथुर, उपनिदेशक महिला अधिकारिता संजय जोशी, पर्यटन उपनिदेशक शिखा सक्सेना सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रमों की रूपरेखा के अनुसार, ग्राम पंचायत स्तर पर ग्राम सभाओं का आयोजन किया जाएगा, जिनमें सेवा शिविरों के माध्यम से अवशेष पट्टों का वितरण होगा। शोभायात्राओं के आयोजन के साथ-साथ मुख्य समारोह का लाइव प्रसारण भी किया जाएगा। वहीं, “आदि कर्मयोगी अभियान” के तहत स्थापित आदि सेवा केंद्रों पर जन समस्या समाधान शिविर लगाए जाएंगे।

ब्लॉक स्तर पर शोभायात्रा, सम्मेलन और बैठकों का आयोजन होगा, जबकि नगर क्षेत्रों में रोशनी, सजावट और राष्ट्रीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया जाएगा। जिला स्तर पर शोभायात्रा, भगवान बिरसा मुंडा एवं जनजातीय वीर सेनानियों को समर्पित प्रदर्शनी, स्वास्थ्य एवं लाभ संतृप्ति शिविर और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से जनजातीय परंपरा और इतिहास को जीवंत किया जाएगा।

भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के अवसर पर आयोजित यह 15 दिवसीय उत्सव न केवल उनके बलिदान को श्रद्धांजलि देगा, बल्कि जनजातीय समाज की गौरवशाली विरासत को भी नई पहचान प्रदान करेगा। यह आयोजन राजस्थान में जनजातीय गौरव वर्ष के इतिहास में एक मील का पत्थर साबित होगा।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story