मावली में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर 100 से अधिक महिला श्रमिकों का सम्मेलन
जनदक्षा संस्था द्वारा आयोजित कार्यक्रम में महिला श्रमिकों ने संघर्ष की कहानियां साझा कीं और पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व अधिकारों के प्रति जागरूक किया।

मावली में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर जनदक्षा संस्था द्वारा आयोजित कार्यक्रम में एकजुट होकर अपने अधिकारों और स्वास्थ्य के प्रति संकल्प लेतीं महिला श्रमिक।
मावली में आज जनदक्षा संस्था के तत्वावधान में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मावली क्षेत्र की 100 से अधिक महिला श्रमिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर आयोजन को सफल बनाया। कार्यक्रम की शुरुआत महिलाओं द्वारा गाए गए चेतना गीतों और गगनभेदी नारों से हुई, जिसने उपस्थित सभी महिलाओं में नए उत्साह का संचार किया। इस अवसर पर महिलाओं ने अपने जीवन के संघर्ष की कहानियां, व्यक्तिगत अनुभव और संगठन की महत्वपूर्ण उपलब्धियों को साझा किया।
समानता का अधिकार और स्वास्थ्य जागरूकता
कार्यक्रम के दौरान इस बात पर विशेष बल दिया गया कि "सभी महिलाओं को पुरुषों के बराबर हक़ लेना होगा, तभी हम आगे बढ़ पाएंगे।" अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस मनाने के महत्त्व पर चर्चा करते हुए वक्ताओं ने कहा कि महिलाओं को दूसरों के स्वास्थ्य के साथ-साथ अपने स्वयं के स्वास्थ्य पर भी विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है, क्योंकि स्वस्थ रहकर ही वे सशक्त बन पाएँगी। संस्था के सहायक समन्वयक परशराम लोहार ने महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि "हम सभी को अपना हक़ आगे आकर लेना होगा और इसके लिए हमें जानकारियों से लैस होकर खुद को आगे लाना है ताकि समाज में व्याप्त असमानता को दूर किया जा सके।" उन्होंने आह्वान किया कि महिलाएं न्याय, समानता और अधिकार के लिए पुरुषों से अपने आपको किसी भी स्तर पर कम नहीं आंके।
सुरक्षा, न्याय और संगठित शक्ति
महिला सुरक्षा के विषय पर पुलिस विभाग से कंचन जी और महिला हिंसा परामर्शदाता वैदेही जी ने थाने से संबंधित सुविधाओं और कानूनी सहायता की विस्तृत जानकारी देकर महिलाओं को जागरूक किया। संस्था कार्यकर्ता गिरीश पालीवाल और अनिता चौधरी ने समाज की कड़वी सच्चाई को उजागर करते हुए कहा कि "महिलाये सुबह से शाम तक काम करती है परन्तु उनके काम को कोई महत्त्व नहीं दिया जाता है।" उन्होंने जोर दिया कि इसके लिए आने वाली पीढ़ी को तैयार करना होगा और महिलाओं को एक साथ संगठित होना पड़ेगा और अपने अधिकार के प्रति लड़ाई लड़नी पड़ेगी।
जैविक खेती और विधिक सेवा स्टाल
संस्था के जैविक खेती कार्यक्रम से जुड़े नरेंद्र कालबेलिया ने पर्यावरण और सेहत के प्रति जागरूकता फैलाते हुए जैविक खेती को प्राथमिकता देने और उसे अपनाने की बात कही। महिलाओं की सहायता हेतु संस्था कार्यकर्ता लालूराम भील और खेमराज मेघवाल द्वारा श्रमिक सेवाओं की जानकारी देने के लिए अलग-अलग स्टाल भी लगवाई गई, जहाँ महिलाओं ने विभिन्न सरकारी और संस्थागत योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।
खेलकूद और सफल संचालन
दिवस को हर्षोल्लास के साथ मनाने के लिए महिलाओं ने विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में भाग लिया और अपना उत्साह बढ़ाया। मावली क्षेत्र की 100 से अधिक महिला श्रमिकों ने भाग लेकर इस कार्यक्रम को सफल बनाया और एकजुटता का संदेश दिया। कार्यक्रम का कुशल संचालन आशा वैष्णव और सुषमा श्रीमाली द्वारा किया गया।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
