चित्तौड़गढ़। राष्ट्रीय विकास की नींव मानी जाने वाली जनगणना प्रक्रिया में मिसाल पेश करते हुए चित्तौड़गढ़ विधायक चंद्रभान सिंह आक्या ने रविवार को 'सेंसस इंडिया सेल्फ एनुमरेशन' सरकारी पोर्टल के माध्यम से अपना और अपने परिवार का विवरण दर्ज किया। विधायक आक्या ने डिजिटल माध्यम का उपयोग कर स्वयं जनगणना प्रपत्र भरकर इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय अभियान का आगाज किया।

इस अवसर पर क्षेत्रवासियों के नाम एक प्रभावी संदेश जारी करते हुए विधायक आक्या ने स्पष्ट किया कि जनगणना देश के भविष्य की योजनाओं का आधार है। उन्होंने कार्यक्रम की रूपरेखा साझा करते हुए बताया कि नागरिक 1 से 15 मई तक पोर्टल पर स्वयं अपना विवरण भर सकते हैं, जिसके पश्चात 16 मई से 14 जून तक प्रगणकों द्वारा घर-घर जाकर डेटा संकलन का कार्य किया जाएगा। उन्होंने जनता से आह्वान किया कि इस बार स्वयं प्रपत्र भरकर राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय जिम्मेदारी निभाएं। विधायक ने जोर देकर कहा कि नागरिकों द्वारा प्रदान की गई सटीक और पूर्ण जानकारी ही सरकार को शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और बुनियादी ढांचे से जुड़ी बेहतर नीतियां बनाने में सक्षम बनाती है। उन्होंने सुरक्षा का भरोसा दिलाते हुए कहा कि यह पूरी प्रक्रिया अत्यंत सरल, सुरक्षित और पूर्णतः गोपनीय है, जिसमें जनता का डेटा सुरक्षित रहता है। एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में देश के विकास में योगदान देने की यह अपील भविष्य के समृद्ध भारत की दिशा में एक सशक्त कदम है।

Pratahkal HQ

Pratahkal HQ

Next Story