उदयपुर में सेवा भारती के प्राकृतिक आरोग्य केंद्र का 16 जुलाई को होगा भव्य लोकार्पण
उदयपुर में सेवा भारती द्वारा निर्मित प्राकृतिक आरोग्य केंद्र का 16 जुलाई को लोकार्पण होगा। पूर्व सरकार्यवाह सुरेश जोशी मुख्य वक्ता होंगे और उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम की शोभा बढ़ाएंगे।

सेवा भारती उदयपुर द्वारा संचालित नवनिर्मित प्राकृतिक आरोग्य केंद्र का लोकार्पण समारोह आगामी 16 जुलाई (गुरुवार) को प्रातः 10:30 बजे सुभाष चौराहा स्थित हरिदास जी की मगरी पर आयोजित किया जाएगा। इस विशेष कार्यक्रम में बड़ी संख्या में प्रबुद्ध नागरिक और समाजजन अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे। समारोह के मुख्य वक्ता के रूप में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पूर्व सरकार्यवाह एवं अखिल भारतीय कार्यकारिणी सदस्य सुरेश जोशी (भैयाजी) शिरकत करेंगे, जो उपस्थित जनसमूह को संबोधित कर मार्गदर्शन प्रदान करेंगे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता राजस्थान सरकार के उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा करेंगे, जो मुख्य अतिथि के रूप में समारोह की शोभा बढ़ाएंगे। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में पैसिफिक मेडिकल कॉलेज के अध्यक्ष एवं समाजसेवी राहुल अग्रवाल तथा शारदा चैरिटेबल फाउंडेशन के निदेशक एवं समाजसेवी संजय सिंघल भी उपस्थित रहेंगे। आयोजकों ने उदयपुर शहर सहित जिले भर के नागरिकों से आग्रह किया है कि वे अधिक से अधिक संख्या में अपने परिवार के साथ इस कार्यक्रम में सम्मिलित होकर प्राकृतिक स्वास्थ्य सेवा के इस नए केंद्र के लोकार्पण के साक्षी बनें।

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)
दिनेश कुमार जैन पत्रकारिता जगत का एक अनुभवी और विश्वसनीय नाम हैं। उन्होंने पिछले लगभग 8 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनहित से जुड़े मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकारों तथा स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है।
उन्होंने जनवरी 2020 से प्रतिष्ठित समाचार पत्र दैनिक नवज्योति में संवाददाता, खेरवाड़ा एवं नयागांव ब्लॉक (जिला उदयपुर) के रूप में कार्य करते हुए तहसील एवं ब्लॉक स्तर की खबरों को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाया। इससे पूर्व वे लगभग दो वर्षों तक राजस्थान पत्रिका से भी जुड़े रहे, जहां उन्होंने क्षेत्रीय पत्रकारिता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
खेरवाड़ा, नयागांव तथा आसपास के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों की जमीनी समस्याओं, विकास कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं सामाजिक मुद्दों पर उनकी विशेष पकड़ रही है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनहित आधारित पत्रकारिता उनकी पहचान है।
वर्तमान में प्रातःकाल के साथ जुड़कर वे अपने व्यापक अनुभव और क्षेत्रीय समझ के माध्यम से पाठकों तक सटीक, विश्वसनीय और प्रभावशाली समाचार पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उनकी पत्रकारिता का उद्देश्य समाज की आवाज को सशक्त मंच प्रदान करना तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है।
