अहमदाबाद मंडल में स्वास्थ्य और स्वच्छता पर बड़ा अभियान, 800 से अधिक लोगों की जांच
पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद मंडल द्वारा सितंबर 2026 में स्वास्थ्य, स्वच्छता और जन-जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए चलाए गए व्यापक अभियानों के तहत विभिन्न वेलनेस शिविरों और कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।

पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद मंडल की एक स्वास्थ्य इकाई में राष्ट्रीय पोषण माह और स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत उपस्थित लाभार्थियों को स्वास्थ्य एवं पोषण संबंधी जानकारी देते हुए चिकित्सा अधिकारी।
पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद मंडल ने सितंबर 2026 में रेल कर्मचारियों, उनके परिजनों, यात्रियों और अन्य लाभार्थियों के स्वास्थ्य, स्वच्छता तथा जन-जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए व्यापक अभियान चलाया। राष्ट्रीय पोषण माह-2026 और ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ के तहत आयोजित गतिविधियों में स्वास्थ्य जांच शिविर, सीपीआर प्रशिक्षण, मच्छरजनित बीमारियों की रोकथाम, स्वच्छता अभियान और चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार पर विशेष जोर दिया गया। मंडल की विभिन्न स्वास्थ्य इकाइयों में आयोजित 20 से अधिक वेलनेस शिविरों में 800 से अधिक लाभार्थियों ने भाग लिया, जबकि स्वास्थ्य दिवसों और जागरूकता कार्यक्रमों से 1000 से अधिक लोग जुड़े।
सितंबर माह के दौरान मंडल के चिकित्सा विभाग ने रेलवे कॉलोनियों, स्टेशनों, कार्यालयों, अस्पतालों, स्वास्थ्य इकाइयों, कार्यशालाओं, रेस्ट रूम, लॉबी और बैरकों में मच्छरों के प्रजनन स्थलों की पहचान कर मलेरिया-रोधी गतिविधियां संचालित कीं। इसके तहत फॉगिंग, लार्वानाशक गतिविधियां और जागरूकता पोस्टर एवं पर्चों का वितरण किया गया। जल गुणवत्ता की जांच और स्वच्छता संबंधी गतिविधियों के लिए भी विशेष अभियान चलाए गए। इन गतिविधियों की दैनिक रिपोर्ट मुख्यालय को भेजी गई।
अहमदाबाद मंडल में सितंबर के दौरान 20 से अधिक विभिन्न हेल्थ यूनिट पर वेलनेस शिविर आयोजित किए गए। इनमें 800 से अधिक लाभार्थियों ने भाग लिया। शिविरों में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के कर्मियों, लोकोपायलट और स्टेशन मास्टर सहित अन्य लाभार्थियों ने स्वास्थ्य संबंधी सेवाओं का लाभ उठाया। इसके अतिरिक्त विभिन्न स्टेशनों और स्वास्थ्य इकाइयों में स्वास्थ्य जांच शिविर लगाए गए, जिनमें कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन (सीपीआर) प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम भी शामिल रहे। साबरमती रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट पर आयोजित स्वास्थ्य जांच और सीपीआर प्रशिक्षण कार्यक्रम में भी लाभार्थियों ने भाग लिया।
मंडल में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने के लिए सितंबर 2026 के दौरान विभिन्न स्वास्थ्य दिवसों और विशेष अभियानों के तहत कार्यक्रम आयोजित किए गए। 08 सितंबर को मलेरिया एवं डेंगू के संबंध में स्वास्थ्य शिक्षा कार्यक्रम हुआ। इसके बाद 21 सितंबर को विश्व अल्जाइमर दिवस, 25 सितंबर को विश्व फार्मासिस्ट दिवस और 29 सितंबर को विश्व हृदय दिवस मनाया गया। इन कार्यक्रमों के साथ 17 से 30 सितंबर तक ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ अभियान तथा 01 से 30 सितंबर तक राष्ट्रीय पोषण माह-2026 के तहत भी विभिन्न गतिविधियां संचालित की गईं। इन सभी स्वास्थ्य दिवसों और जागरूकता अभियानों में 1000 से अधिक लाभार्थियों ने भाग लिया।
राष्ट्रीय पोषण माह के अंतर्गत सितंबर में मंडल के सभी अस्पतालों और स्वास्थ्य इकाइयों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। साबरमती, मेहसाणा, गांधीधाम, विरमगाम और वटवा सहित विभिन्न स्थानों पर चिकित्सा अधिकारियों एवं स्वास्थ्यकर्मियों ने लोगों को पोषण, संतुलित आहार और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया। इस अभियान में कुल 372 लाभार्थियों ने भाग लिया।
वहीं, 17 से 30 सितंबर 2026 तक मंडल के अस्पतालों, स्वास्थ्य इकाइयों और रेलवे कॉलोनियों में ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ अभियान चलाया गया। इसके तहत स्वच्छता शपथ दिलाने, सफाई गतिविधियां संचालित करने और निर्धारित स्वच्छता लक्ष्यों की निगरानी करने पर जोर दिया गया। अभियान के अंतिम दिन 30 सितंबर को सफाई मित्रों के लिए स्वास्थ्य जांच शिविर भी आयोजित किए गए। इस अभियान में कुल 333 लाभार्थियों की भागीदारी दर्ज की गई।
स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने के लिए ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम (Solid Waste Management Rules), 2026 के तहत भी कदम उठाए गए। अहमदाबाद मंडल की प्रमुख रेलवे कॉलोनियों में बल्क वेस्ट जनरेटर इकाइयों की पहचान की गई और उनके प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड में पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी करने की दिशा में कार्रवाई की गई।
चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार के तहत गांधीधाम स्वास्थ्य इकाई में स्थित उप-मंडल रेल अस्पताल (SDRH-GIM) को नए उपकरण और संसाधन उपलब्ध कराए गए। इनमें एक क्रैश कार्ट ट्रॉली, एक सिरिंज इन्फ्यूजन पंप, एक ऑपरेशन थिएटर लाइट और 18 नए अस्पताल बेड शामिल हैं। इन उपकरणों और संसाधनों से अस्पताल की चिकित्सा सुविधाओं को सुदृढ़ करने में मदद मिलेगी।
इसके अलावा, सितंबर माह में आयुष ओपीडी के माध्यम से अहमदाबाद और गांधीधाम में 370 से अधिक मरीजों ने आयुर्वेदिक चिकित्सा सेवाओं का लाभ लिया। वहीं, अहमदाबाद में 200 से अधिक मरीजों ने होम्योपैथी सेवाओं का उपयोग किया।
पश्चिम रेलवे का अहमदाबाद मंडल रेल कर्मचारियों, उनके परिवारों और यात्रियों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ रेलवे परिसरों में स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण बनाए रखने और स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास कर रहा है। सितंबर में संचालित स्वास्थ्य जांच, रोग नियंत्रण, पोषण जागरूकता, स्वच्छता अभियानों और चिकित्सा उपकरणों की उपलब्धता से जुड़ी पहल इसी दिशा में की गईं।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
