तिरंगा मार्च से पहले दिल्ली में संसद मार्ग थाने के बाहर प्रदर्शन कर रहे यूथ कांग्रेस नेताओं को लिया गया हिरासत मे|
दिल्ली में प्रदर्शन के दौरान पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने पर यूथ कांग्रेस के नेताओं ने कार्रवाई पर सवाल खड़े किए।

दिल्ली में संसद मार्ग पुलिस स्टेशन के बाहर प्रदर्शन कर रहे यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने तड़के हिरासत में लिया।
दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) द्वारा 'लहरा दो तिरंगा' विरोध प्रदर्शन के आह्वान के बीच शुक्रवार तड़के संसद मार्ग थाने के बाहर स्थिति उस समय तनावपूर्ण हो गई जब इंडियन यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने देर रात बड़ा प्रोटेस्ट किया। इस दौरान सुबह करीब 4 बजे दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिए जाने के बाद यूथ कांग्रेस के शीर्ष नेताओं ने पुलिस की कार्यशैली और कार्रवाई पर गंभीर सवाल खड़े करते हुए कड़ी आपत्ति दर्ज कराई।
कांग्रेस नेता बीवी श्रीनिवास ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि दिल्ली पुलिस इस समय इतनी डरी हुई है कि वह एफआईआर (FIR) दर्ज करने से बच रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि पूरी दुनिया ने देखा है कि पुलिस ने बस के अंदर हमारी महिला कार्यकर्ताओं के साथ कैसा व्यवहार किया है। उन्होंने आगे कहा कि पुलिस ने अथिरा और रितु के साथ बेहद बुरा बर्ताव किया और उन्हें थाने के अंदर भी पीटा। श्रीनिवास ने आरोप लगाया कि सरकार मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के लिए लोकतंत्र को ताक पर रख रही है, लेकिन कांग्रेस कार्यकर्ता डरने वाले नहीं हैं और वे अपनी लड़ाई लड़ेंगे और जीतेंगे।
वहीं, इंडियन यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब ने कहा कि पुलिस प्रशासन ने शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं पर हमला किया और उनके साथ हिंसा की। उन्होंने मांग की कि जिन दिल्ली पुलिस अधिकारियों ने यह हिंसा की है, उनके खिलाफ तुरंत एफआईआर दर्ज होनी चाहिए। उदय भानु चिब ने बताया कि यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ता इंसाफ की मांग को लेकर पूरी रात थाने के बाहर बैठे रहे, लेकिन पुलिस ने कोई एफआईआर दर्ज नहीं की। इसके बजाय सुबह होते ही कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि इससे यह साफ तौर पर स्पष्ट होता है कि दिल्ली पुलिस समझौता कर चुकी है और वह दबाव में काम करते हुए देश के युवाओं और छात्रों पर लाठियां चला रही है तथा उन्हें पीट रही है।
दूसरी तरफ, कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दिपके की ओर से कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क में 'लहरा दो तिरंगा' विरोध प्रदर्शन के मद्देनजर राजधानी में सुरक्षा के व्यापक और कड़े इंतजाम किए गए हैं। जंतर-मंतर और सेंट्रल पार्क, कनॉट प्लेस के आसपास भारी संख्या में सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। 16 अक्टूबर को विभिन्न समूहों के इकट्ठा होने के आह्वान को देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने आम जनता के लिए एक विशेष ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। पुलिस के मुताबिक दोपहर 3 बजे से कई मुख्य सड़कों पर यातायात प्रभावित हो सकता है और आवश्यकतानुसार वाहनों के लिए डायवर्जन लागू किया जाएगा।
ट्रैफिक पुलिस द्वारा जारी की गई एडवाइजरी के अनुसार संसद मार्ग, बाबा खड़क सिंह मार्ग, शहीद भगत सिंह मार्ग, पंचकुइयां रोड, बसंत लेन, चेम्सफोर्ड रोड, मिंटो रोड, बाराखंबा रोड, कस्तूरबा गांधी मार्ग, जनपथ, रेल भवन, रफी मार्ग, सी-हेक्सागोन, मंडी हाउस, पटेल चौक, विंडसर प्लेस, गोल डाक खाना, अशोक रोड (जीपीओ से सी-हेक्सागोन तक), तिलक मार्ग, टॉल्स्टॉय रोड और सिकंदरा रोड जैसी प्रमुख सड़कों पर आवाजाही प्रभावित हो सकती है। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने यात्रियों को अपनी यात्रा पूर्व-नियोजित रखने, अतिरिक्त समय लेकर निकलने, सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करने और सड़कों के किनारे गाड़ी न पार्क करने की सलाह दी है। इसके अतिरिक्त रिंग रोड पर सराय काले खां से आईटीओ के बीच एक ट्रक दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसे क्रेन से नहीं हटाया जा सका। सुबह 10 बजे के बाद ही इसे हटाया जाना संभव हो पाएगा, जिसके चलते ट्रैफिक स्टाफ मौके पर मौजूद रहकर यातायात नियंत्रण में जुटा हुआ है।

Lalita Rajput
इन्हें लेखन क्षेत्र में लगभग 5 वर्षों का अनुभव है। इस दौरान इन्होंने फाइनेंस, कैलेंडर और बिज़नेस न्यूज़ को गहराई से कवर किया है। इनकी शैक्षणिक पृष्ठभूमि वित्त से जुड़ी है—इन्होंने एमबीए (फाइनेंस) किया है और वर्तमान में फाइनेंस में पीएचडी कर रही हैं। जनवरी 2026 से ये दै. प्रातःकाल में कार्यरत हैं, जहाँ बिज़नेस, फाइनेंस, मौसम और भारतीय सीमाओं से जुड़े समाचार सरल, सटीक और व्यवस्थित ढंग से प्रस्तुत करती हैं।
