भारत को शहबाज शरीफ की गीदड़भभकी, सिंधु जल को लेकर दी 'कड़े जवाब' की चेतावनी|
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर सिंधु जल संधि और भारत के खिलाफ आक्रामक बयान दिया है।

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ इस्लामाबाद में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भारत को धमकी देते हुए।
पाकिस्तान अपना स्वतंत्रता दिवस मना रहा है, और इस अवसर की पूर्व संध्या पर देश के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने इस्लामाबाद में एक कार्यक्रम को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने सिंधु जल संधि को लेकर भारत के खिलाफ तीखी बयानबाजी की और गीदड़भभकी दी है।
शहबाज शरीफ ने अपनी बात रखते हुए कहा कि सिंधु नदी के पानी की एक-एक बूंद पाकिस्तान के लिए रेड लाइन की तरह है। उन्होंने धमकी भरे लहजे में कहा कि यदि भारत ने पानी रोकने का कोई भी प्रयास किया, तो उसे बहुत कड़ा जवाब दिया जाएगा। शरीफ ने यह भी दावा किया कि पाकिस्तान हमेशा से शांति चाहता है, लेकिन देश की संप्रभुता पर आने वाले किसी भी खतरे का माकूल जवाब दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि शांति की चाह को कभी भी कमजोरी नहीं समझा जाना चाहिए। अपने संबोधन के दौरान उन्होंने मई 2025 में दोनों देशों के बीच हुई सैन्य झड़प का जिक्र करते हुए कहा कि यदि दोबारा ऐसा कुछ हुआ तो और भी कड़ा परिणाम भुगतना होगा।
पाकिस्तान के इस आक्रामक रुख के पीछे असल वजह भारत द्वारा उठाया गया एक बड़ा कदम है। भारत ने अप्रैल 2025 में पाकिस्तान के साथ चली आ रही 60 साल पुरानी सिंधु जल संधि को स्थगित कर दिया था। भारत ने यह कड़ा फैसला 22 अप्रैल 2025 को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए एक भीषण आतंकी हमले के बाद लिया था। उस कायराना हमले में 26 मासूम नागरिकों की जान चली गई थी, जिनमें से अधिकांश पर्यटक थे। जांच में सामने आया था कि इस आतंकी हमले के पीछे पाकिस्तान से संचालित होने वाले लश्कर-ए-तैयबा के छद्म संगठन 'द रेजिस्टेंस फ्रंट' (TRF) का हाथ था।
पहलगाम के उस खूनी हमले का बदला लेते हुए भारतीय सेना ने 7 मई 2025 को पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) में छिपे आतंकवादियों के खिलाफ 'ऑपरेशन सिंदूर' की शुरुआत की थी। इस सैन्य कार्रवाई के दौरान भारतीय सशस्त्र बलों ने पूरी सटीकता के साथ आतंकी ठिकानों को नेस्तनाबूद कर दिया था। इस दौरान दोनों देशों के बीच 7 मई से 10 मई के बीच भारी सैन्य संघर्ष भी देखने को मिला था। भारतीय वायु सेना ने सीमा पार कर पाकिस्तान के अंदर घुसकर उसके कम से कम 11 एयर बेस को सफलताપूर्वक निशाना बनाया था।
भारत की इस सख्त कार्रवाई और सिंधु जल संधि पर लगाई गई रोक के बाद से पाकिस्तानी हुक्मरानों में लगातार बौखलाहट देखने को मिल रही है, जो प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के इस ताज़ा बयान में साफ तौर पर झलक रही है।

Lalita Rajput
इन्हें लेखन क्षेत्र में लगभग 5 वर्षों का अनुभव है। इस दौरान इन्होंने फाइनेंस, कैलेंडर और बिज़नेस न्यूज़ को गहराई से कवर किया है। इनकी शैक्षणिक पृष्ठभूमि वित्त से जुड़ी है—इन्होंने एमबीए (फाइनेंस) किया है और वर्तमान में फाइनेंस में पीएचडी कर रही हैं। जनवरी 2026 से ये दै. प्रातःकाल में कार्यरत हैं, जहाँ बिज़नेस, फाइनेंस, मौसम और भारतीय सीमाओं से जुड़े समाचार सरल, सटीक और व्यवस्थित ढंग से प्रस्तुत करती हैं।
