पुणे के लोहगढ़ किले में 25 वर्षीय केतन विशाल अग्रवाल की मौत के मामले में पुणे ग्रामीण पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। एक रियल एस्टेट व्यवसायी के बेटे केतन की मौत दुर्घटना नहीं, बल्कि हत्या थी। पुलिस ने इस मामले में केतन की 20 वर्षीय मंगेतर सिया प्रवीण गोयल और उसके 22 वर्षीय साथी चेतन बाबूलाल चौधरी को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि केतन की मंगेतर और उसके प्रेमी ने ही उसे साजिश के तहत किले की पहाड़ी से नीचे धक्का देकर मार डाला था।

केतन अग्रवाल की मौत 18 जून की सुबह हुई थी। उस समय मंगेतर सिया गोयल ने केतन के परिजनों को सूचित किया था कि फोटोग्राफी के दौरान केतन का पैर फिसल गया और वह 350 फीट गहरी खाई में गिर गया। पुलिस ने तब दुर्घटनावश मौत का मामला दर्ज किया था। हालांकि, केतन के परिवार को घटना पर संदेह था और उन्होंने पुलिस से गहन जांच की मांग की थी। केतन के परिजनों के इनपुट और पुलिस की तकनीकी जांच ने घटनाक्रम को पूरी तरह बदल दिया।

पुणे ग्रामीण पुलिस अधीक्षक संदीप सिंह गिल ने बताया कि जांच में पता चला है कि सिया गोयल और केतन अग्रवाल के संबंध ठीक नहीं थे और उनके बीच अक्सर झगड़े होते थे। सिया का 22 वर्षीय चेतन चौधरी के साथ पिछले एक साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था और वह केतन से शादी नहीं करना चाहती थी। इसी कारण सिया और चेतन ने केतन को रास्ते से हटाने की साजिश रची। घटना वाले दिन चेतन पहले से ही किले पर मौजूद था और सिया व केतन के पीछे-पीछे पहाड़ी के ऊपरी हिस्से पर पहुंच गया। वहां दोनों ने मौका पाकर केतन को खाई में धक्का दे दिया।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि केतन की हत्या की यह चौथी कोशिश हो सकती है। सिया और केतन ने इससे पहले भी दो बार लोहगढ़ किले का दौरा किया था, जिसमें एक बार ऐन मौके पर केतन का प्लान बदल गया था। इसके अलावा, जून की शुरुआत में बाली में होने वाले प्री-वेडिंग शूट को भी सिया ने ही केतन का पासपोर्ट छिपाकर रद्द करवाया था ताकि वे साथ न जा सकें। वारदात को अंजाम देने के बाद सिया सोशल मीडिया पर केतन को श्रद्धांजलि देती रही, ताकि जांच को गुमराह किया जा सके। पुलिस ने फिलहाल दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उनसे आगे की पूछताछ की जा रही है।


Lalita Rajput

Lalita Rajput

इन्हें लेखन क्षेत्र में लगभग 5 वर्षों का अनुभव है। इस दौरान इन्होंने फाइनेंस, कैलेंडर और बिज़नेस न्यूज़ को गहराई से कवर किया है। इनकी शैक्षणिक पृष्ठभूमि वित्त से जुड़ी है—इन्होंने एमबीए (फाइनेंस) किया है और वर्तमान में फाइनेंस में पीएचडी कर रही हैं। जनवरी 2026 से ये दै. प्रातःकाल में कार्यरत हैं, जहाँ बिज़नेस, फाइनेंस, मौसम और भारतीय सीमाओं से जुड़े समाचार सरल, सटीक और व्यवस्थित ढंग से प्रस्तुत करती हैं।

Next Story