भारत यात्रा से ठीक पहले सिंधु जल संधि पर बात करने के सवाल पर क्यों असहज नजर आए पाकिस्तान के मंत्री मुसादिक मलिक?
SCO की बैठक में हिस्सा लेने भारत आ रहे पाकिस्तान के जलवायु परिवर्तन मंत्री मुसादिक मलिक ने एक टीवी शो के दौरान सिंधु जल संधि पर बात करने से किनारा किया।

पाकिस्तान के जलवायु परिवर्तन मंत्री डॉ. मुसादिक मसूद मलिक, जो शंघाई सहयोग संगठन की बैठक में शामिल होने के लिए भारत आ रहे हैं।
पाकिस्तान के जलवायु परिवर्तन मंत्री डॉ. मुसादिक मसूद मलिक इसी सप्ताह भारत की यात्रा पर आने वाले हैं। मई 2025 में भारत और पाकिस्तान के बीच हुए युद्ध के बाद यह किसी पाकिस्तानी मंत्री का पहला भारत दौरा होगा। वे यहां शंघाई सहयोग संगठन (SCO) के सभ्यतागत संवाद कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आ रहे हैं। हालांकि, भारत आने से ठीक पहले वे अपने ही देश में तीखे सवालों से घिर गए हैं। सिंधु जल संधि को लेकर पहले भारत को कड़े शब्दों में धमकी देने वाले मुसादिक मलिक अब इस मुद्दे पर भारत में बात करने के सवाल पर असहज नजर आ रहे हैं और सीधा जवाब देने से बच रहे हैं।
टीवी इंटरव्यू में एंकर के सवालों से घिरे मंत्री
पाकिस्तान में यह चर्चा जोरों पर है कि क्या मुसादिक मसूद अपनी भारत यात्रा के दौरान सिंधु जल संधि का मुद्दा उठाएंगे। इसी संबंध में पाकिस्तानी न्यूज एंकर मोहम्मद मलिक ने अपने एक शो के दौरान मंत्री मुसादिक मलिक से सीधा सवाल किया। एंकर ने पूछा कि क्या वे अपने भारत दौरे पर सिंधु जल संधि के विषय को उठाएंगे? मोहम्मद मलिक ने उन्हें याद दिलाते हुए कहा कि पाकिस्तान में रहते हुए तो उन्होंने हाथ काट देने जैसे बड़े बयान दिए थे, तो क्या अब भारत जाकर वे इस मुद्दे पर सख्त लहजे में बात करेंगे?
एजेंडा तय न होने का दिया हवाला
एंकर के इस सीधे सवाल पर पाकिस्तानी मंत्री मुसादिक मलिक बात को घुमाते हुए दिखाई दिए। उन्होंने जवाब में कहा कि अभी इस बैठक का एजेंडा तय नहीं हुआ है। अपनी बात को स्पष्ट करते हुए उन्होंने कहा कि यह यात्रा किसी द्विपक्षीय बातचीत के लिए नहीं है और न ही उन्हें भारत की तरफ से कोई द्विपक्षीय न्योता मिला है। इस पर पाकिस्तानी एंकर ने उन्हें बीच में ही टोकते हुए कहा कि यह कार्यक्रम 'सिविलाइजेशनल डायलॉग' यानी सभ्यतागत संवाद का है और पानी का संकट सीधे तौर पर सभ्यता के लिए एक बड़ा खतरा है।
भाषण में मुद्दा उठाने पर भी साध ली चुप्पी
बातचीत को आगे बढ़ाते हुए एंकर मोहम्मद मलिक ने शहबाज शरीफ सरकार के मंत्री से फिर सीधा सवाल पूछा कि क्या वे कम से कम अपने भाषण में ही सिंधु जल संधि का जिक्र करेंगे? इस पर भी मुसादिक मलिक कोई ठोस जवाब नहीं दे पाए। उन्होंने कहा कि वे इस विषय में अभी कुछ भी नहीं कह सकते हैं और जब बैठक का एजेंडा सामने आ जाएगा, तभी वे इस बारे में बता पाएंगे। इस दौरान उन्होंने एक बार फिर इसी बात पर जोर दिया कि यह कोई द्विपक्षीय निमंत्रण नहीं है।
एंकर मलिक ने अपनी बात जारी रखते हुए कहा कि पाकिस्तान के पर्यावरण मंत्री का यह भारत दौरा ऐसे महत्वपूर्ण समय पर हो रहा है, जब भारत ने सिंधु जल संधि को स्थगित कर रखा है। एंकर ने इसे एक ऐतिहासिक अवसर बताते हुए सवाल किया कि क्या पाकिस्तान को इस मंच पर यह मुद्दा नहीं उठाना चाहिए? इसके जवाब में भी मंत्री मलिक ने वही पुराना और रटा-रटाया उत्तर दोहराया कि एजेंडा सामने आने के बाद ही यह तय हो पाएगा कि किन-किन विषयों पर चर्चा की जानी है।
भारत को दी थी हाथ काटने की धमकी
डॉ. मुसादिक मसूद मलिक पाकिस्तान के जलवायु परिवर्तन मंत्री हैं और वे भारत के खिलाफ अपनी जहरीली बयानबाजी के लिए जाने जाते रहे हैं। पिछले साल जून के महीने में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए उन्होंने भारत को हाथ काटने तक की धमकी दी थी। तब उन्होंने कहा था कि वे यह ऐलान कर चुके हैं कि जो भी पाकिस्तान के पानी पर हाथ डालेगा, वे उसका हाथ ही काट देंगे। उनका यह भड़काऊ बयान भारत द्वारा सिंधु जल संधि पर रोक लगाए जाने की प्रतिक्रिया में आया था। उस समय मलिक ने यह भी दावा किया था कि वे केवल ऐलान ही नहीं करते, बल्कि पिछले डेढ़-दो सालों में दो बार यह करके दिखा भी चुके हैं कि अगर कोई उनके पानी पर हाथ डालेगा, तो वे हाथ काट देंगे। अब भारत दौरे से पहले उनके बदले हुए सुर चर्चा का विषय बने हुए हैं।

Lalita Rajput
इन्हें लेखन क्षेत्र में लगभग 5 वर्षों का अनुभव है। इस दौरान इन्होंने फाइनेंस, कैलेंडर और बिज़नेस न्यूज़ को गहराई से कवर किया है। इनकी शैक्षणिक पृष्ठभूमि वित्त से जुड़ी है—इन्होंने एमबीए (फाइनेंस) किया है और वर्तमान में फाइनेंस में पीएचडी कर रही हैं। जनवरी 2026 से ये दै. प्रातःकाल में कार्यरत हैं, जहाँ बिज़नेस, फाइनेंस, मौसम और भारतीय सीमाओं से जुड़े समाचार सरल, सटीक और व्यवस्थित ढंग से प्रस्तुत करती हैं।
