भारत में ऑनलाइन कंटेंट और अकाउंट्स को प्रतिबंधित किए जाने के मामलों में तेज बढ़ोतरी दर्ज की गई है। रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, Meta के ताजा आंकड़ों से पता चलता है कि वर्ष 2026 के शुरुआती छह महीनों में कंपनी ने भारत में 54 लाख से अधिक पोस्ट और अकाउंट्स को ब्लॉक किया है। वहीं, पूरे वर्ष 2025 में यह संख्या केवल लगभग 70 हजार थी। कंपनी का कहना है कि यह कार्रवाई स्थानीय कानूनों को ध्यान में रखते हुए की गई है। इसके साथ ही, इंडोनेशिया के बाद भारत अब स्थानीय कानूनों के तहत कंटेंट रोकने के मामले में Meta के लिए दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा देश बन गया है।

क्यों बढ़ा प्रतिबंधित अकाउंट्स और पोस्ट का आंकड़ा?

Meta के मुताबिक, प्रतिबंधित किए गए ज्यादातर अकाउंट और पोस्ट स्थानीय कानूनों के तहत हटाए गए हैं। इस बड़ी उछाल के पीछे केंद्र सरकार द्वारा आईटी नियमों में किए गए संशोधन को वजह बताया गया है, जो 20 फरवरी से लागू हुए हैं। नए नियमों के तहत सोशल मीडिया कंपनियों को किसी भी गैरकानूनी कंटेंट की सूचना मिलने के तीन घंटे के भीतर उसे हटाना अनिवार्य है, जबकि पहले यह समय सीमा 36 घंटे की थी।

पुलिस अधिकारियों को मिले सीधे अधिकार

डीडब्ल्यू (DW) की एक रिपोर्ट के मुताबिक, आईटी नियमों में हुए बदलावों ने पुलिस अधिकारियों को सीधे यह अधिकार दिया है कि वे किसी शिकायत या कानूनी कार्यवाही के बिना ही कंपनियों को आपत्तिजनक कंटेंट हटाने का नोटिस भेज सकें। इस वजह से सोशल मीडिया कंपनियों के पास कंटेंट की गहराई से जांच या समीक्षा करने के लिए लगभग कोई समय नहीं बचता, जिसके चलते सीधे तौर पर पोस्ट या कंटेंट को ब्लॉक करना पड़ता है।

किस तरह के कंटेंट पर हो रही है कार्रवाई?

रिपोर्ट्स के अनुसार, ब्लॉक किए गए कंटेंट का एक बड़ा हिस्सा सरकार और उसकी नीतियों की आलोचना से संबंधित है। इसमें विपक्षी नेताओं, पत्रकारों और कंटेंट क्रिएटर्स के ऐसे पोस्ट शामिल हैं जिनमें सरकार व उसकी नीतियों की आलोचना की गई थी। यह स्थिति तब और अधिक गंभीर हो गई जब जुलाई और अक्टूबर में दिल्ली में छात्र प्रदर्शन हुए तथा CJP के नेतृत्व में आंदोलन चलाए गए। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इन प्रदर्शनों के दौरान हजारों पोस्ट और अकाउंट्स पर प्रतिबंध लगाया गया और इसमें स्वयं CJP का अकाउंट भी शामिल था, हालांकि बाद में उस अकाउंट को बहाल कर दिया गया था।

इस पूरे मामले पर सरकार का क्या कहना है?

ऑनलाइन कंटेंट और अकाउंट्स को ब्लॉक किए जाने को लेकर सरकार का पक्ष साफ है। सरकार के अनुसार, कंटेंट हटाने के आदेश केवल तभी जारी किए जाते हैं जब कोई पोस्ट मौजूदा कानूनों का उल्लंघन करता हो या सार्वजनिक सुरक्षा तथा राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा पैदा करता हो।

Lalita Rajput

Lalita Rajput

इन्हें लेखन क्षेत्र में लगभग 5 वर्षों का अनुभव है। इस दौरान इन्होंने फाइनेंस, कैलेंडर और बिज़नेस न्यूज़ को गहराई से कवर किया है। इनकी शैक्षणिक पृष्ठभूमि वित्त से जुड़ी है—इन्होंने एमबीए (फाइनेंस) किया है और वर्तमान में फाइनेंस में पीएचडी कर रही हैं। जनवरी 2026 से ये दै. प्रातःकाल में कार्यरत हैं, जहाँ बिज़नेस, फाइनेंस, मौसम और भारतीय सीमाओं से जुड़े समाचार सरल, सटीक और व्यवस्थित ढंग से प्रस्तुत करती हैं।

Next Story