भारत और जापान ने रक्षा संबंधों को आगे बढ़ाते हुए एक अहम फैसला लिया है। जापान सेल्फ डिफेंस फोर्सेज को पहली बार भारत की फायरिंग रेंज का उपयोग करते हुए लाइव फायर अभ्यास करने की अनुमति दी गई है। इस अभ्यास में सतह से जहाज पर हमला करने वाली मिसाइलें भी सम्मिलित होंगी। यह निर्णय गुरुवार उन्नीस नवंबर को टोक्यो में आयोजित चौथी भारत-जापान टू प्लस टू विदेश और रक्षा मंत्री स्तरीय बैठक के दौरान लिया गया। इस मौके पर दोनों देशों ने लेटर ऑफ इंटेंट पर हस्ताक्षर किए, जिसे रक्षा सहयोग की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

टोक्यो बैठक में शामिल हुए दोनों देशों के नेता

इस उच्चस्तरीय बैठक में भारत की ओर से रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और विदेश मंत्री एस जयशंकर ने भाग लिया। वहीं जापान की तरफ से रक्षा मंत्री शिनजिरो कोइजुमी और तोशिमुत्सु मोतेगी शामिल हुए। भारतीय फायरिंग रेंज के इस्तेमाल को लेकर हुए इस समझौते के तहत जापानी सेना को पहली बार भारत में यह अभ्यास करने का अवसर मिलेगा। इससे पहले भारत-जापान टू प्लस टू वार्ता बीस अगस्त दो हजार चौबीस को नई दिल्ली में हुई थी।

स्वतंत्र अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था और इंडो-पैसिफिक पर जोर

टोक्यो में हुई चौथी टू प्लस टू बैठक के बाद जारी संयुक्त बयान में दोनों देशों ने अपनी बढ़ती रक्षा और सुरक्षा साझेदारी का स्वागत किया। दोनों देशों के मंत्रियों ने एक स्वतंत्र और खुली अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था को मजबूत करने की अपनी प्रतिबद्धता को दोहराया। इसमें एक-दूसरे की राष्ट्रीय संप्रभुता और अखंडता का सम्मान करते हुए बल प्रयोग के बिना विवादों का शांतिपूर्ण समाधान शामिल है। बातचीत के दौरान सैन्य अभ्यास बढ़ाने, समुद्री सुरक्षा सहयोग को आगे बढ़ाने, सूचनाएं साझा करने और रक्षा क्षमताओं को सुदृढ़ करने पर ध्यान दिया गया। इसके साथ ही दोनों पक्षों ने इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में शांति और स्थिरता बनाए रखने के संकल्प को भी दोहराया।

वैश्विक सुरक्षा के माहौल में भरोसेमंद साझेदारी

बैठक के उपरांत विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कहा कि वर्तमान में दो बड़े संघर्ष चल रहे हैं, जिनका प्रभाव दूर-दराज के क्षेत्रों तक देखा जा रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में जब देश खुद को सुरक्षित रखने का प्रयास कर रहे हैं, तब भारत और जापान जैसी भरोसेमंद तथा ठोस साझेदारियां और अधिक महत्वपूर्ण हो जाती हैं। बैठक के बाद जारी संयुक्त बयान में वैश्विक सुरक्षा के अनिश्चित माहौल के बीच दोनों देशों के बीच रणनीतिक सहमति बढ़ाने पर बल दिया गया।

समुद्री सहयोग और रक्षा तकनीक पर सहमति

इस वार्ता में समुद्री सैन्य सहयोग को और मजबूत करने पर भी सहमति बनी। इसमें समुद्री और हवाई क्षेत्र की निगरानी, खोज और बचाव अभियान तथा सूचनाओं का आदान-प्रदान शामिल है। दोनों देशों ने समुद्री माइंस का पता लगाने और उन्हें निष्क्रिय करने की क्षमताओं में सुधार करने के साथ नौसैनिक जहाजों के निर्माण और डिजाइन के क्षेत्र में मिलकर काम करने की संभावनाओं पर सहमति जताई। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने टू प्लस टू संवाद के दौरान कहा कि नौसैनिक जहाज निर्माण, अनमैन्ड और ऑटोनॉमस सिस्टम, उन्नत रक्षा तकनीक तथा व्यापक रक्षा औद्योगिक इकोसिस्टम में सहयोग की काफी संभावनाएं मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि भारत और जापान की ताकत एक-दूसरे की पूरक है और दोनों देशों को संयुक्त विकास, निर्माण तथा दीर्घकालिक तकनीकी साझेदारी पर अधिक ध्यान देना चाहिए।

Lalita Rajput

Lalita Rajput

इन्हें लेखन क्षेत्र में लगभग 5 वर्षों का अनुभव है। इस दौरान इन्होंने फाइनेंस, कैलेंडर और बिज़नेस न्यूज़ को गहराई से कवर किया है। इनकी शैक्षणिक पृष्ठभूमि वित्त से जुड़ी है—इन्होंने एमबीए (फाइनेंस) किया है और वर्तमान में फाइनेंस में पीएचडी कर रही हैं। जनवरी 2026 से ये दै. प्रातःकाल में कार्यरत हैं, जहाँ बिज़नेस, फाइनेंस, मौसम और भारतीय सीमाओं से जुड़े समाचार सरल, सटीक और व्यवस्थित ढंग से प्रस्तुत करती हैं।

Next Story