जैश-ए-मोहम्मद के प्रेमजाल में फंसी जयपुर की बेटी, ऑनलाइन निकाह कर पाकिस्तान भागने की थी तैयारी!
सोशल मीडिया के जरिए पाकिस्तानी आतंकी के संपर्क में आई महिला ने ऑनलाइन निकाह कर नेपाल के रास्ते पाकिस्तान भागने की बनाई थी योजना।

एटीएस द्वारा गिरफ्तार जयपुर निवासी बबीता धाकड़ उर्फ खदीजा का फोटो जो जैश-ए-मोहम्मद के आतंकी नेटवर्क से जुड़ी थी।
जयपुर: राजस्थान पुलिस की एटीएस (ATS) टीम ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए जैश-ए-मोहम्मद के लिए काम करने वाली एक महिला स्लीपर सेल को गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला की पहचान बबीता धाकड़ उर्फ 'खदीजा' के रूप में हुई है, जो लंबे समय से सोशल मीडिया के जरिए पाकिस्तानी हैंडलर्स के संपर्क में थी। सुरक्षा एजेंसियों की जांच में यह खुलासा हुआ है कि महिला को कट्टरपंथी सामग्री दिखाकर उसका ब्रेनवॉश किया गया था और वह नेपाल के रास्ते पाकिस्तान भागने की योजना बना रही थी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बबीता मूल रूप से गंगापुर सिटी की रहने वाली है और वैवाहिक विवाद व तलाक के मामले के चलते वह अपने पिता के साथ जयपुर में रह रही थी। इसी दौरान वह फेसबुक पर संदिग्ध आतंकी आकाओं के प्रभाव में आई। सुरक्षा एजेंसियों ने बताया कि पाकिस्तानी आतंकी अबू उबैदाह के साथ उसने ऑनलाइन निकाह भी कर लिया था और धर्म परिवर्तन कर अपना नाम खदीजा रख लिया था। उसके पास से बरामद मोबाइल में दो सिम कार्ड और 'दुनिया धोखेबाज' नाम का एक संदिग्ध फेसबुक अकाउंट मिला है, जिसमें हथियारों की तस्वीरों के साथ भारी संख्या में विदेशी नागरिक जुड़े हुए थे।
एटीएस की शुरुआती जांच में 'जमात-उल-मुमिनात' नामक एक समर्पित महिला विंग का भी पता चला है, जिसके जरिए पाकिस्तान भारत में महिलाओं को अपना निशाना बना रहा है। बबीता के मोबाइल से पाकिस्तानी और अफगानी नंबरों पर लगातार चैटिंग व कॉलिंग के सबूत मिले हैं। इतना ही नहीं, वह जैश-ए-मोहम्मद के संस्थापक मसूद अजहर के साले उस्ताद गौरी के संपर्क में होने के भी इनपुट मिले हैं। एटीएस के एसपी मनीष त्रिपाठी के अनुसार, फिलहाल महिला से सघन पूछताछ की जा रही है ताकि उसके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और भारत में उसकी संभावित राष्ट्रविरोधी गतिविधियों की योजना का पता लगाया जा सके।

Lalita Rajput
इन्हें लेखन क्षेत्र में लगभग 5 वर्षों का अनुभव है। इस दौरान इन्होंने फाइनेंस, कैलेंडर और बिज़नेस न्यूज़ को गहराई से कवर किया है। इनकी शैक्षणिक पृष्ठभूमि वित्त से जुड़ी है—इन्होंने एमबीए (फाइनेंस) किया है और वर्तमान में फाइनेंस में पीएचडी कर रही हैं। जनवरी 2026 से ये दै. प्रातःकाल में कार्यरत हैं, जहाँ बिज़नेस, फाइनेंस, मौसम और भारतीय सीमाओं से जुड़े समाचार सरल, सटीक और व्यवस्थित ढंग से प्रस्तुत करती हैं।
