भारतीय नौसेना ने एक बार फिर अपनी उच्च परिचालन तत्परता और जांबाजी का परिचय देते हुए अरब सागर में 48 घंटे तक चले एक बड़े रणनीतिक ऑपरेशन को सफलतापूर्वक अंजाम दिया है। नौसेना के जवानों ने समुद्री लुटेरों के कब्जे से मछली पकड़ने वाली नाव 'अजिनी' के सभी 20 नाविकों को सुरक्षित बचा लिया है। यह पूरा ऑपरेशन मुंबई से 3,000 किलोमीटर से भी अधिक दूरी पर अरब सागर में चलाया गया। नौसेना की इस बड़ी सफलता और बहादुरी के बाद देशभर में जवानों की जमकर तारीफ हो रही है।

सोमाली लुटेरों ने अगवा की थी 'अजिनी' नाव

मामले के अनुसार, सोमालिया के 12 से अधिक भारी हथियारों से लैस समुद्री लुटेरों ने अरब सागर में मछली पकड़ने वाले जलीय जहाज (नाव) 'अजिनी' को अगवा कर लिया था। इस नाव पर 20 भारतीय नाविक सवार थे। जैसे ही इस अपहरण की सूचना भारतीय नौसेना को मिली, बिना कोई समय गंवाए तुरंत बचाव अभियान शुरू कर दिया गया। पिछले कुछ महीनों से कमर्शियल जहाजों पर हो रहे हमलों के बीच नौसेना की इस त्वरित कार्रवाई ने लुटेरों के मंसूबों को पस्त कर दिया।

भारतीय वायु सेना के सहयोग से पूरा हुआ अभियान

इस 48 घंटे तक चले जटिल ऑपरेशन को 2 नवंबर को एक समन्वित प्रयास के जरिए अंजाम दिया गया। नाव का तेजी से पता लगाने, उसे रोकने और चालक दल को सुरक्षित छुड़ाने में भारतीय वायु सेना का भी समय पर महत्वपूर्ण सहयोग मिला। नौसेना के जवानों ने बेहद रणनीतिक तरीके से कार्रवाई करते हुए भारी हथियारों से लैस समुद्री लुटेरों को आत्मसमर्पण के लिए मजबूर किया और चालक दल तथा नाव को सुरक्षित मुक्त कराया। इस सफल अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने लुटेरों के पास से भारी मात्रा में हथियार भी बरामद किए हैं।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने नौसेना को किया सलाम

इस ऐतिहासिक सफलता पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' (X) पर पोस्ट साझा कर भारतीय नौसेना की बहादुरी और तत्परता की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि यह रणनीतिक ऑपरेशन भारतीय नौसेना की उच्च परिचालन क्षमता और पूरे समुद्री क्षेत्र में खतरों का निर्णायक रूप से मुकाबला करने की ताकत को दर्शाता है।

रक्षा मंत्री ने आगे लिखा कि हमारे बहादुर जवानों ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि भारत के पास लोगों की जान बचाने, समुद्री सुरक्षा बनाए रखने और संपूर्ण हिंद महासागर क्षेत्र में स्थिरता सुनिश्चित करने का इरादा, क्षमता और दृढ़ संकल्प है। भारत एक सुरक्षित, मुक्त और खुले हिंद महासागर क्षेत्र के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

Lalita Rajput

Lalita Rajput

इन्हें लेखन क्षेत्र में लगभग 5 वर्षों का अनुभव है। इस दौरान इन्होंने फाइनेंस, कैलेंडर और बिज़नेस न्यूज़ को गहराई से कवर किया है। इनकी शैक्षणिक पृष्ठभूमि वित्त से जुड़ी है—इन्होंने एमबीए (फाइनेंस) किया है और वर्तमान में फाइनेंस में पीएचडी कर रही हैं। जनवरी 2026 से ये दै. प्रातःकाल में कार्यरत हैं, जहाँ बिज़नेस, फाइनेंस, मौसम और भारतीय सीमाओं से जुड़े समाचार सरल, सटीक और व्यवस्थित ढंग से प्रस्तुत करती हैं।

Next Story