अमेरिका द्वारा भारत पर 25 प्रतिशत तक अतिरिक्त टैरिफ लगाने के प्रस्ताव वाले नोटिस पर भारत सरकार ने अपनी आधिकारिक प्रतिक्रिया दी है। वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि सरकार ने अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि (USTR) की ओर से जारी इस नोटिस और उस पर मांगी गई सार्वजनिक टिप्पणी का संज्ञान लिया है। मंत्रालय ने बताया कि यह नोटिस 'सेक्शन 301 इन्वेस्टिगेशन' के अंतर्गत जारी किया गया है, जो भारत सहित 14 देशों के मैन्यूफैक्चरिंग क्षेत्र में संरचनात्मक अतिरिक्त क्षमता और उत्पाद से जुड़े कानूनों, नीतियों व तौर-तरीकों से संबंधित है। फिलहाल भारत सरकार द्वारा इस नोटिस की गहनता से जांच की जा रही है।

पूरी जांच में भारत ने किया रचनात्मक सहयोग

वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि इस पूरी जांच प्रक्रिया के दौरान भारत ने रचनात्मक तरीके से अपना सहयोग दिया है। मंत्रालय ने यह भी याद दिलाया कि जांच शुरू होने के नोटिस के जवाब में और उसके बाद की कार्यवाही में वाणिज्य विभाग ने यह बात साफ कर दी थी कि भारत के किसी भी क्षेत्र में संरचनात्मक रूप से अतिरिक्त उत्पादन क्षमता मौजूद नहीं है।

द्विपक्षीय व्यापार समझौते के दायरे में समाधान पर जोर

मंत्रालय ने दोनों देशों के बीच चल रही व्यापार वार्ताओं का हवाला देते हुए कहा कि भारत और संयुक्त राज्य अमेरिका एक द्विपक्षीय व्यापार समझौते को लेकर बातचीत कर रहे हैं। भारत सरकार का यह स्पष्ट रुख रहा है कि व्यापार से जुड़ी किसी भी तरह की चिंता का समाधान इन आपसी वार्ताओं के दायरे में ही किया जाना चाहिए।

बयान में आगे कहा गया है कि भारत सरकार 2 फरवरी 2026 को की गई घोषणा और 7 फरवरी 2026 को जारी संयुक्त बयान के अनुरूप, भारत-अमेरिका द्विपक्षीय व्यापार समझौते को जल्द से जल्द अंतिम रूप देने की दिशा में अमेरिका के साथ मिलकर काम करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

भारत समेत 7 देशों पर 25% तक अतिरिक्त टैरिफ का प्रस्ताव

गौरतलब है कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रशासन ने भारत समेत कुल सात देशों पर 25 प्रतिशत तक अतिरिक्त टैरिफ लगाने का प्रस्ताव रखा है। इस सूची में भारत के अलावा कंबोडिया, इंडोनेशिया, दक्षिण कोरिया, मलेशिया, ताइवान और थाईलैंड भी शामिल हैं। समाचार एजेंसी रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिका इन देशों की औद्योगिक उत्पादन क्षमता और व्यापार नीतियों की जांच करने के बाद यह कदम उठा रहा है।

अमेरिकी प्रशासन का आरोप है कि ये देश बाजार की वास्तविक मांग से ज्यादा उत्पादन क्षमता बढ़ा रहे हैं। अमेरिका का मानना है कि इस वजह से वैश्विक बाजार में आवश्यकता से अधिक सामान पहुंच रहा है, जिससे अमेरिकी उद्योगों को नुकसान पहुंचने की आशंका है। हालांकि, राहत की बात यह है कि ये अतिरिक्त टैरिफ अभी लागू नहीं किए गए हैं। इस प्रस्ताव पर अंतिम निर्णय लेने से पहले आम लोगों और संबंधित पक्षों से उनकी राय मांगी जाएगी।

Lalita Rajput

Lalita Rajput

इन्हें लेखन क्षेत्र में लगभग 5 वर्षों का अनुभव है। इस दौरान इन्होंने फाइनेंस, कैलेंडर और बिज़नेस न्यूज़ को गहराई से कवर किया है। इनकी शैक्षणिक पृष्ठभूमि वित्त से जुड़ी है—इन्होंने एमबीए (फाइनेंस) किया है और वर्तमान में फाइनेंस में पीएचडी कर रही हैं। जनवरी 2026 से ये दै. प्रातःकाल में कार्यरत हैं, जहाँ बिज़नेस, फाइनेंस, मौसम और भारतीय सीमाओं से जुड़े समाचार सरल, सटीक और व्यवस्थित ढंग से प्रस्तुत करती हैं।

Next Story