हल्दिया रिफाइनरी में सुबह-सुबह हुआ बड़ा हादसा, पाइपलाइन फटने से झुलसे 15 कर्मचारी|
पश्चिम बंगाल के पूर्वी मेदिनीपुर जिले में स्थित इंडियन ऑयल की हल्दिया रिफाइनरी में पाइपलाइन फटने से आग लग गई, जिसमें करीब 15 कर्मचारी घायल हुए हैं।

पश्चिम बंगाल के पूर्वी मेदिनीपुर में स्थित इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड की हल्दिया रिफाइनरी में आग लगने के बाद राहत कार्य जारी है|
पश्चिम बंगाल के पूर्वी मेदिनीपुर जिले में स्थित इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड की हल्दिया रिफाइनरी से एक दुखद घटना सामने आई है। यहां स्थित रिफाइनरी की नैफ्था ले जाने वाली पाइपलाइन में मंगलवार की सुबह आग लग गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह हादसा सुबह 4:00 बजे से 4:30 बजे के बीच हुआ। इस भीषण आग की चपेट में आने से करीब 15 कर्मचारी झुलस गए, जिन्हें आनन-फानन में उपचार के लिए हल्दिया सब-डिविजनल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें से कुछ कर्मचारियों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंच गईं और आग पर काबू पाने के लिए युद्ध स्तर पर कार्य शुरू किया गया। फिलहाल आग लगने के स्पष्ट कारणों का पता नहीं चल पाया है और अधिकारी मामले की जांच में जुटे हैं। इस रिफाइनरी का संचालन इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड द्वारा किया जाता है, जो पूरे पूर्वी भारत, विशेषकर पश्चिम बंगाल, बिहार और ओडिशा जैसे राज्यों में पेट्रोलियम उत्पादों की आपूर्ति सुनिश्चित करती है।
हल्दिया रिफाइनरी की स्थापना जनवरी 1975 में हुई थी। यह रिफाइनरी कोलकाता से लगभग 136 किलोमीटर दूर हल्दी और हुगली नदी के संगम पर स्थित है। यहां एलपीजी, पेट्रोल, डीजल, एविएशन टर्बाइन फ्यूल, नेफ्था और जूट बैचिंग ऑयल का उत्पादन बड़े पैमाने पर किया जाता है। इससे पहले दिसंबर 2021 में भी हल्दिया रिफाइनरी में आग लगने की घटना सामने आई थी, जिसमें तीन लोगों की मृत्यु हुई थी और 44 कर्मचारी घायल हुए थे। वर्तमान घटना के बाद से रिफाइनरी प्रबंधन नुकसान का आकलन करने में जुटा है, जबकि घायलों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के लिए प्राथमिकता दी जा रही है। इस घटना ने एक बार फिर औद्योगिक सुरक्षा मानकों पर सवाल खड़ा कर दिया है।
पश्चिम बंगाल के पूर्वी मेदिनीपुर स्थित इंडियन ऑयल की हल्दिया रिफाइनरी में नैफ्था पाइपलाइन में आग लग गई। इस हादसे में करीब 15 कर्मचारी झुलस गए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दमकल की टीम मौके पर पहुंचकर आग बुझाने के काम में जुटी है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

Lalita Rajput
इन्हें लेखन क्षेत्र में लगभग 5 वर्षों का अनुभव है। इस दौरान इन्होंने फाइनेंस, कैलेंडर और बिज़नेस न्यूज़ को गहराई से कवर किया है। इनकी शैक्षणिक पृष्ठभूमि वित्त से जुड़ी है—इन्होंने एमबीए (फाइनेंस) किया है और वर्तमान में फाइनेंस में पीएचडी कर रही हैं। जनवरी 2026 से ये दै. प्रातःकाल में कार्यरत हैं, जहाँ बिज़नेस, फाइनेंस, मौसम और भारतीय सीमाओं से जुड़े समाचार सरल, सटीक और व्यवस्थित ढंग से प्रस्तुत करती हैं।
