चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (सीटीआई) ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर उनका आभार व्यक्त किया है। सीटीआई के मुताबिक, सोने की खरीदारी को लेकर प्रधानमंत्री की पिछली सलाह ने लाखों व्यापारियों और निवेशकों को बड़े नुकसान से बचा लिया है। संस्था ने कहा कि कुछ महीने पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से सोना खरीदने से बचने की अपील की थी। उस समय उनकी इस बात का काफी विरोध हुआ था, लेकिन सोने के भाव में आई गिरावट के बाद अब यह माना जा रहा है कि प्रधानमंत्री की दूरदर्शिता ने लाखों व्यापारियों और निवेशकों को संभावित भारी नुकसान से उबार लिया।

सोने के भाव में 65 लाख रुपये प्रति किलो की गिरावट

सीटीआई चेयरमैन बृजेश गोयल ने बताया कि जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोना न खरीदने की सलाह दी थी, तब सोने की कीमत 1 करोड़ 90 लाख रुपये प्रति किलो थी। अब यह भाव घटकर 1 करोड़ 25 लाख रुपये प्रति किलो पर आ गया है। इस तरह सोने की कीमत में प्रति किलो 65 लाख रुपये की गिरावट आई है। बृजेश गोयल के अनुसार, यदि व्यापारियों ने प्रधानमंत्री की सलाह को अनदेखा करके उस समय सोना खरीदा होता, तो आज उन्हें प्रति किलो 65 लाख रुपये का नुकसान उठाना पड़ता। उन्होंने कहा कि इससे लाखों ज्वेलर कर्ज में डूब सकते थे और कंगाल होने की स्थिति बन सकती थी।

गोल्ड कारोबारियों और निवेशकों को मिला बड़ा सहारा

सीटीआई ने कहा कि देशभर में बड़ी संख्या में ज्वेलरी कारोबारी कई-कई महीनों का स्टॉक अपने पास रखते हैं। यदि उन्होंने 1.90 करोड़ रुपये प्रति किलो के स्तर पर स्टॉक खरीद लिया होता, तो उन्हें आज करोड़ों रुपये का घाटा झेलना पड़ता। इसके अलावा ऑनलाइन और ऑफलाइन माध्यम से सोने का कारोबार करने वाले लाखों छोटे ट्रेडरों के साथ-साथ शेयर बाजार के निवेशकों को भी भारी नुकसान से बचने में मदद मिली है।

व्यापारियों के बीच 'पीएम मोदी ने बचा लिया' की चर्चा

सीटीआई से जुड़े समूहों में यह संदेश लगातार साझा किया जा रहा है कि पीएम मोदी ने बचा लिया। संस्था के अनुसार, जिस सलाह का पहले विरोध हो रहा था, उसी को लेकर अब ज्वेलर और व्यापारी यह कह रहे हैं कि प्रधानमंत्री की बात सही साबित हुई। सीटीआई ने यह भी कहा कि फिलहाल शादी का सीजन चल रहा है और सोने के दाम कम होने से आम ग्राहकों को भी लाभ मिल रहा है।

मार्गदर्शन जारी रखने और परिवारों की पूंजी बचने का जिक्र

सीटीआई ने प्रधानमंत्री से अनुरोध किया है कि सोने और चांदी जैसे संवेदनशील बाजारों को लेकर सरकार आगे भी समय-समय पर व्यापारियों को मार्गदर्शन देती रहे, ताकि बाजार को सट्टेबाजों और जमाखोरों से सुरक्षित रखा जा सके। बृजेश गोयल ने कहा कि प्रधानमंत्री ने केवल एक सलाह नहीं दी, बल्कि इससे लाखों परिवारों की पूंजी की रक्षा हुई है। उन्होंने सीटीआई और पूरे व्यापारी समाज की ओर से प्रधानमंत्री का दिल से धन्यवाद और आभार जताया है।

Lalita Rajput

Lalita Rajput

इन्हें लेखन क्षेत्र में लगभग 5 वर्षों का अनुभव है। इस दौरान इन्होंने फाइनेंस, कैलेंडर और बिज़नेस न्यूज़ को गहराई से कवर किया है। इनकी शैक्षणिक पृष्ठभूमि वित्त से जुड़ी है—इन्होंने एमबीए (फाइनेंस) किया है और वर्तमान में फाइनेंस में पीएचडी कर रही हैं। जनवरी 2026 से ये दै. प्रातःकाल में कार्यरत हैं, जहाँ बिज़नेस, फाइनेंस, मौसम और भारतीय सीमाओं से जुड़े समाचार सरल, सटीक और व्यवस्थित ढंग से प्रस्तुत करती हैं।

Next Story