गेटवे ऑफ इंडिया के पास समुद्र में पसरा कूड़े का अंबार देखकर उड़ जाएंगे होश, क्रिएटर बोले- यह बिल्कुल नॉर्मल नहीं है|
मुंबई के प्रसिद्ध गेटवे ऑफ इंडिया के पास समुद्र में तैरते कचरे का वीडियो वायरल हुआ है, जिस पर लोग चिंता जता रहे हैं।

मुंबई के गेटवे ऑफ इंडिया के पास समुद्र के पानी में तैरता हुआ भारी कचरे और प्लास्टिक का अंबार दिखाई दे रहा है।
मुंबई का नाम आते ही आंखों के सामने सबसे पहले समुद्र और फिर ऐतिहासिक 'गेटवे ऑफ इंडिया' की झलक आ जाती है। इस जगह के ठीक सामने प्रसिद्ध ताज होटल भी मौजूद है। लेकिन हाल ही में एक कंटेंट क्रिएटर द्वारा शेयर किए गए वीडियो ने गेटवे ऑफ इंडिया से सटे समुद्र में फैली गंदगी का नजारा सामने लाया है।
यह वीडियो अंक बक्शी (Ank Bakshi) नामक कंटेंट क्रिएटर ने शेयर किया है। उन्होंने अपने वीडियो के ऊपर लिखा है— "शॉकिंग साइड ऑफ इंडिया, जिसे कोई नहीं मानेगा"।
वीडियो में वे जैसे ही कैमरा पानी की तरफ घुमाते हैं, समुद्र की सतह पर प्लास्टिक की बोतलें, चिप्स के पैकेट और ढेर सारा अन्य कचरा तैरता हुआ साफ नजर आता है। वीडियो में बात करते हुए क्रिएटर कहते हैं कि यह कोई आम या ऐसी-वैसी जगह नहीं है, बल्कि यह भारत की सबसे महंगी जगहों में से एक, गेटवे ऑफ इंडिया है। वे आगे कहते हैं कि अगर कोई इसे सामान्य (नॉर्मल) बात कहता है, तो यह बिल्कुल भी नॉर्मल नहीं है।
भारत में सिविक सेंस (नागरिक समझ) को लेकर अक्सर चर्चाएं होती हैं। मंदिर के पास, घर के बाहर या पानी में गंदगी फैलाने की घटनाएं सामने आती रहती हैं। अब मुंबई की शान कहे जाने वाले गेटवे ऑफ इंडिया के पानी में तैरते कूड़े के इस नजारे ने भी यही साबित किया है।
सोशल मीडिया पर यह वीडियो वायरल होने के बाद लोगों की तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। वीडियो देखने वाले कुछ लोगों का कहना है कि भारत में पढ़े-लिखे और जागरूक लोगों की कमी है, जिसके कारण ऐसी स्थिति बनती है। एक यूजर ने कमेंट करते हुए सुझाव दिया कि इस मुद्दे पर केंद्र सरकार (सेंट्रल गवर्नमेंट) को टैग किया जाना चाहिए। वहीं, कुछ यूजर्स इसे फेक एआई (AI) जनरेटेड वीडियो भी बता रहे हैं, जबकि एक अन्य यूजर ने कमेंट किया कि भारत की स्थिति काफी खराब है।

Lalita Rajput
इन्हें लेखन क्षेत्र में लगभग 5 वर्षों का अनुभव है। इस दौरान इन्होंने फाइनेंस, कैलेंडर और बिज़नेस न्यूज़ को गहराई से कवर किया है। इनकी शैक्षणिक पृष्ठभूमि वित्त से जुड़ी है—इन्होंने एमबीए (फाइनेंस) किया है और वर्तमान में फाइनेंस में पीएचडी कर रही हैं। जनवरी 2026 से ये दै. प्रातःकाल में कार्यरत हैं, जहाँ बिज़नेस, फाइनेंस, मौसम और भारतीय सीमाओं से जुड़े समाचार सरल, सटीक और व्यवस्थित ढंग से प्रस्तुत करती हैं।
