लखनऊ: मॉडल श्रद्धा दुबे के करीबियों पर पुलिस का कड़ा एक्शन देखने को मिला है। चर्चित शिवा शर्मा हत्याकांड मामले में फरार चल रही 25 हजार की इनामी मॉडल श्रद्धा दुबे के सिंडिकेट और संपर्कों पर पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में उसके करीबी गैंगस्टर ऋषभ राय को 6 महीने के लिए जिलाबदर कर दिया गया है।

गैंगस्टर ऋषभ राय की मॉडल श्रद्धा दुबे के साथ कई तस्वीरें सोशल मीडिया पर सामने आ चुकी हैं, जो दोनों की नजदीकियों की तस्दीक करती हैं। ऋषभ राय के ऊपर हत्या के प्रयास, रंगदारी, लूट और जानलेवा मारपीट जैसे 18 से अधिक संगीन मुकदमे दर्ज हैं। उस पर कारोबारी शिवा शर्मा पर पिस्टल तानकर एक लाख रुपये की रंगदारी मांगने और जानलेवा हमला करने का गंभीर आरोप है।

बीते अगस्त महीने में ऋषभ राय ने शिवा शर्मा को रंगदारी न देने पर जान से मारने की खुली धमकी दी थी। इस संबंध में शिवा की मां रंजना शर्मा ने विभूतिखंड थाने में ऋषभ और उसके 8 से 10 साथियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप के मुताबिक, बीते 11 अगस्त की रात किसान बाजार स्थित एक कैफे में ऋषभ अपने साथियों के साथ पहुंचा था। वहां उसने शिवा के साथ गाली-गलौज करते हुए दो दिन के भीतर 1 लाख रुपये 'गुंडा टैक्स' की मांग की थी। विरोध करने पर उसने पिस्टल निकालकर शिवा पर हमला बोला था। इस मामले में पुलिस ने उसे पहले जेल भेजा था, जिसके बाद वह हाल ही में जमानत पर बाहर आया था।

एसीपी अलीगंज शशि प्रकाश मिश्र ने इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि शातिर अपराधी ऋषभ राय लूट और रंगदारी के मामलों में फरार चल रहा था। उस पर 25 हजार रुपये का इनाम भी घोषित था। पुलिस ने उसके खिलाफ मुनादी कराकर कुर्की व अन्य कठोर कदम उठाए थे। शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए जेसीपी क्राइम कोर्ट ने उसे 6 महीने के लिए जिलाबदर कर दिया है।

दूसरी तरफ, पुलिस इस मामले में लगातार अन्य आरोपियों और फरार चल रही मॉडल की धर-पकड़ में जुटी हुई है। श्रद्धा दुबे की गिरफ्तारी के लिए लखनऊ क्राइम ब्रांच और एसओजी की संयुक्त टीम भारत-नेपाल सीमा पर लगातार डेरा डाले हुए है। महराजगंज के सोनौली बॉर्डर और भगवानपुर कस्बे में स्थानीय पुलिस के सहयोग से पगडंडी मार्गों और सीमावर्ती दुकानों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि उसकी तलाश जल्द पूरी की जा सके।

Lalita Rajput

Lalita Rajput

इन्हें लेखन क्षेत्र में लगभग 5 वर्षों का अनुभव है। इस दौरान इन्होंने फाइनेंस, कैलेंडर और बिज़नेस न्यूज़ को गहराई से कवर किया है। इनकी शैक्षणिक पृष्ठभूमि वित्त से जुड़ी है—इन्होंने एमबीए (फाइनेंस) किया है और वर्तमान में फाइनेंस में पीएचडी कर रही हैं। जनवरी 2026 से ये दै. प्रातःकाल में कार्यरत हैं, जहाँ बिज़नेस, फाइनेंस, मौसम और भारतीय सीमाओं से जुड़े समाचार सरल, सटीक और व्यवस्थित ढंग से प्रस्तुत करती हैं।

Next Story