धुएं के गुबार के बीच खौफनाक मंजर:बच्चों को बालकनी से नीचे फेंका और खुद लगाई छलांग, दिल्ली के रेस्टोरेंट में मचा तांडव
वेलकम इलाके के उधम रेस्टोरेंट के किचन में आग लगने के बाद धुएं से घबराकर पहली मंजिल से लोग खिड़की से नीचे कूदने लगे।

दिल्ली के वेलकम इलाके में उधम रेस्टोरेंट में आग लगने के बाद खिड़की से नीचे कूदते लोगों को बचाते स्थानीय नागरिक।
दिल्ली के वेलकम इलाके में एक बड़ा हादसा टल गया, जब एक रेस्टोरेंट में अचानक भीषण आग लग गई| मंगलवार रात करीब साढ़े 10 बजे वेलकम थाना क्षेत्र में स्थित 'उधम' रेस्टोरेंट के किचन में यह आग लगी |घटना के समय लोग रेस्टोरेंट की पहली मंजिल पर बैठकर आराम से खाना खा रहे थे, तभी ग्राउंड फ्लोर पर स्थित किचन से अचानक धूं-धूं कर आग की लपटें उठने लगीं और देखते ही देखते रेस्टोरेंट में धुआं भर गया
आग लगने और धुआं फैलने के कारण रेस्टोरेंट के अंदर अफरातफरी और चीख-पुकार मच गई| घबराहट में लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे| स्थिति इतनी भयानक हो गई थी कि लोगों को अपनी जान बचाने के लिए खिड़कियों और बालकनी से नीचे छलांग लगानी पड़ी| सामने आए एक वीडियो के मुताबिक, एक शख्स ने पहले दो बच्चों को बालकनी से नीचे फेंका, जिन्हें नीचे खड़ी भीड़ ने सुरक्षित पकड़ लिया |इसके बाद दो-तीन अन्य लोग भी इमारत से कूद गए| एक अन्य वीडियो में एक व्यक्ति खंभे के सहारे नीचे उतरते हुए और कुछ लोग सीढ़ी लगाकर बालकनी तक पहुंचने की कोशिश करते हुए भी नजर आए|
इस मुश्किल समय में स्थानीय लोगों ने भी जान बचाने में बहुत बड़ी भूमिका निभाई | रेस्टोरेंट के बाहर लोगों का भारी हुजूम उमड़ पड़ा और उन्होंने अंदर फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने में पूरी मदद की | दिल्ली अग्निशमन सेवा (DFS) को घटना की सूचना मिलते ही दमकल की छह गाड़ियों को तुरंत मौके पर रवाना किया गया | वहीं, दिल्ली पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची और पाया कि आग रेस्टोरेंट के किचन में लगी थी, जिसे पुलिस के पहुंचने से पहले ही वहां के कर्मचारियों ने काबू में कर लिया था|
सोशल मीडिया पर इस घटना के कई वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं, जिनमें रेस्टोरेंट के अंदर से धुआं निकलता और पहली मंजिल की बालकनी से लोगों को कूदते हुए साफ देखा जा सकता है | प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग लगने के बाद रेस्टोरेंट में धुआं भर जाने के कारण लोग दहशत में आ गए थे और खिड़की-बालकनी से कूदने लगे | गनीमत यह रही कि इस डरावनी घटना में किसी के भी हताहत या घायल होने की कोई खबर नहीं है, और एक बड़ा हादसा टल गया|

Lalita Rajput
इन्हें लेखन क्षेत्र में लगभग 5 वर्षों का अनुभव है। इस दौरान इन्होंने फाइनेंस, कैलेंडर और बिज़नेस न्यूज़ को गहराई से कवर किया है। इनकी शैक्षणिक पृष्ठभूमि वित्त से जुड़ी है—इन्होंने एमबीए (फाइनेंस) किया है और वर्तमान में फाइनेंस में पीएचडी कर रही हैं। जनवरी 2026 से ये दै. प्रातःकाल में कार्यरत हैं, जहाँ बिज़नेस, फाइनेंस, मौसम और भारतीय सीमाओं से जुड़े समाचार सरल, सटीक और व्यवस्थित ढंग से प्रस्तुत करती हैं।
