दिल्ली के महिला कॉलेजों के आसपास सुरक्षा कड़ी: एलजी संधू के कड़े निर्देश, छात्राओं के लिए उठाए गए ये कदम
दिल्ली के उपराज्यपाल ने आस्था कुंज गैंगरेप के बाद डीयू के महिला कॉलेजों की सुरक्षा को लेकर प्रिंसिपलों और अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक की।

दिल्ली में आस्था कुंज पार्क की घटना के बाद उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने महिला कॉलेजों की सुरक्षा को लेकर उच्चस्तरीय बैठक की अध्यक्षता की।
राजधानी दिल्ली के आस्था कुंज पार्क में 17 साल की लड़की के साथ हुए गैंगरेप के बाद महिला सुरक्षा का मुद्दा गंभीर हो गया है, जिसके चलते प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहा है। इस घटना के बाद दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने राजधानी में महिलाओं की सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने के लिए एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक बुलाई।
इस हाई-लेवल मीटिंग में दिल्ली यूनिवर्सिटी (DU) के कुलपति, डीन और लेडी श्रीराम (LSR), मिरांडा हाउस, गार्गी, इंद्रप्रस्थ और दौलत राम जैसे 10 प्रमुख महिला कॉलेजों के प्रिंसिपल शामिल हुए। इसके अलावा बैठक में दिल्ली पुलिस, एमसीडी (MCD), पीडब्ल्यूडी (PWD) और परिवहन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी जैसे स्पेशल सीपी, ज्वाइंट सीपी, डीसीपी और सचिव स्तर के अधिकारी भी मौजूद रहे।
इससे पहले एलजी संधू ने 25 सितंबर को नॉर्दर्न रिज के बोंटा पार्क का औचक निरीक्षण किया था और दौलत राम तथा इंद्रप्रस्थ कॉलेज का अचानक दौरा कर छात्राओं से सीधे उनकी सुरक्षा और जमीनी समस्याओं पर फीडबैक लिया था। छात्राओं द्वारा ई-रिक्शा चालकों की मनमानी, रास्तों पर अंधेरा, अतिक्रमण और सुरक्षा व्यवस्था की कमी जैसी गंभीर शिकायतें दर्ज कराई गई थीं।
इन समस्याओं का संज्ञान लेते हुए एलजी ने अधिकारियों को कई कड़े और त्वरित निर्देश दिए हैं। पीडब्ल्यूडी और एमसीडी को निर्देश दिए गए हैं कि वे रास्तों की खराब स्ट्रीट लाइटों को तुरंत ठीक करवाएं, अवैध कब्जे हटाएं, पुरुषों के टॉयलेट और कूड़ा-घर हटाकर सुरक्षा सुनिश्चित करें तथा बाउंड्री वॉल की अवैध पेंटिंग को साफ करें। वहीं, दिल्ली पुलिस को निर्देश दिया गया है कि वह कॉलेजों के आसपास गश्त बढ़ाए, पिंक बूथ स्थापित करे, प्रत्येक कॉलेज के लिए एक नोडल अधिकारी नियुक्त करे और छात्राओं की सुरक्षा के लिए सादे कपड़ों में पुलिसकर्मियों को तैनात करे। प्रशासन की इस सख्ती से महिला कॉलेजों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था के कड़े होने की उम्मीद है।

Lalita Rajput
इन्हें लेखन क्षेत्र में लगभग 5 वर्षों का अनुभव है। इस दौरान इन्होंने फाइनेंस, कैलेंडर और बिज़नेस न्यूज़ को गहराई से कवर किया है। इनकी शैक्षणिक पृष्ठभूमि वित्त से जुड़ी है—इन्होंने एमबीए (फाइनेंस) किया है और वर्तमान में फाइनेंस में पीएचडी कर रही हैं। जनवरी 2026 से ये दै. प्रातःकाल में कार्यरत हैं, जहाँ बिज़नेस, फाइनेंस, मौसम और भारतीय सीमाओं से जुड़े समाचार सरल, सटीक और व्यवस्थित ढंग से प्रस्तुत करती हैं।
