संसद में महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़ा विधेयक पारित होने पर देश की राजधानी दिल्ली का राजनीतिक मानचित्र पूरी तरह बदल जाएगा। मौजूदा समय में दिल्ली में लोकसभा की कुल 7 सीटें हैं, जिनमें से नॉर्थ-वेस्ट सीट अनुसूचित जाति यानी एससी वर्ग के उम्मीदवार के लिए आरक्षित है। परिसीमन की प्रक्रिया के तहत लोकसभा सीटों की कुल संख्या में 50 प्रतिशत की बढ़ोतरी की जानी है। इसके साथ ही कुल सीटों में से 33 प्रतिशत सीटें महिला उम्मीदवारों के लिए आरक्षित की जाएंगी। इस नए फॉर्मूले के लागू होने पर दिल्ली की लोकसभा सीटों की संख्या बढ़कर 11 होने की प्रबल संभावना है।

नए कानून से दिल्ली में बढ़ सकती हैं 4 लोकसभा सीटें

यदि महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़ा नया कानून लागू होता है, तो दिल्ली में लोकसभा सीटों की संख्या बढ़कर 10 या 11 तक पहुंच सकती है। राजनीतिक जानकारों का कहना है कि दिल्ली की मौजूदा 7 सीटों में 50 प्रतिशत बढ़ोतरी के हिसाब से 3.5 सीटों का आंकड़ा सामने आता है। चूंकि सीटों की संख्या इस तय अनुपात से कम नहीं रखी जा सकती, इसलिए पूरी संभावना यही जताई जा रही है कि दिल्ली में लोकसभा सीटों की कुल संख्या 11 हो जाएगी। इसका सीधा मतलब है कि राजधानी में 4 नई लोकसभा सीटें जुड़ सकती हैं।

महिलाओं और एससी वर्ग के लिए बढ़ेंगी आरक्षित सीटें

नए प्रावधानों के अनुसार कुल लोकसभा सीटों में से 33 प्रतिशत सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित होंगी। इस हिसाब से अगर दिल्ली में कुल 11 लोकसभा सीटें होती हैं, तो उनमें से 4 सीटें महिला उम्मीदवारों के लिए आरक्षित हो जाएंगी। सीटों की कुल संख्या बढ़ने का असर अनुसूचित जाति यानी एससी कोटे की आरक्षित सीटों पर भी पड़ेगा। नए समीकरण के तहत एक सीट एससी वर्ग की महिला उम्मीदवार के लिए आरक्षित की जा सकती है। इस तरह दिल्ली में एससी श्रेणी के लिए आरक्षित लोकसभा सीटों की संख्या 1 से बढ़कर 2 हो जाएगी। अभी राजधानी में केवल नॉर्थ-वेस्ट सीट ही एससी वर्ग के लिए आरक्षित है।

2008 के परिसीमन में बदला था सीटों का भूगोल, इस बार भी बड़े बदलाव के संकेत

दिल्ली में पिछला परिसीमन साल 2008 में किया गया था, हालांकि उस समय लोकसभा सीटों की कुल संख्या में कोई इजाफा नहीं हुआ था। तब केवल लोकसभा क्षेत्रों के अंतर्गत आने वाले इलाकों को नए सिरे से अधिसूचित किया गया था और कुछ सीटों के नामों में बदलाव किया गया था। उस दौरान बाहरी दिल्ली लोकसभा सीट पर 20 लाख से अधिक मतदाता थे, जिसके कारण परिसीमन में इसका दायरा बदला गया और इसके कुछ हिस्सों को अन्य लोकसभा क्षेत्रों में शामिल किया गया।

इसी तरह पहले पूरे यमुनापार इलाके की एक ही सीट ईस्ट दिल्ली हुआ करती थी। 2008 में इसके स्वरूप में बदलाव कर नॉर्थ-ईस्ट दिल्ली नाम से नई सीट बनाई गई, जिसमें उत्तरी दिल्ली का भी कुछ हिस्सा जोड़ा गया। वहीं ईस्ट दिल्ली लोकसभा क्षेत्र में साउथ दिल्ली का कुछ हिस्सा शामिल हो गया था। जानकारों का मानना है कि आगामी परिसीमन में भी सबसे अधिक बदलाव साउथ, वेस्ट और नॉर्थ-वेस्ट लोकसभा सीटों पर ही देखने को मिलेंगे।

Lalita Rajput

Lalita Rajput

इन्हें लेखन क्षेत्र में लगभग 5 वर्षों का अनुभव है। इस दौरान इन्होंने फाइनेंस, कैलेंडर और बिज़नेस न्यूज़ को गहराई से कवर किया है। इनकी शैक्षणिक पृष्ठभूमि वित्त से जुड़ी है—इन्होंने एमबीए (फाइनेंस) किया है और वर्तमान में फाइनेंस में पीएचडी कर रही हैं। जनवरी 2026 से ये दै. प्रातःकाल में कार्यरत हैं, जहाँ बिज़नेस, फाइनेंस, मौसम और भारतीय सीमाओं से जुड़े समाचार सरल, सटीक और व्यवस्थित ढंग से प्रस्तुत करती हैं।

Next Story