कैप्टन स्मित मच्छार की खोपड़ी में 'डिप्रेस्ड फ्रैक्चर', आंखों की रोशनी पर असर: जानिए कैसी है मौजूदा हालत|
फ्लाईदुबई विमान में हमले के बाद घायल कैप्टन स्मित की ऑप्टिक नर्व और तंत्रिका तंत्र पर असर पड़ा है, हालांकि अब उनकी हालत में धीरे-धीरे सुधार हो रहा है।

सऊदी अरब और अबू धाबी में इलाज के बाद फ्लाईदुबई के भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार की स्थिति में सुधार देखा जा रहा है।
फ्लाईदुबई विमान में सवार 174 यात्रियों की जान बचाने वाले जांबाज भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार का नया मेडिकल हेल्थ बुलेटिन सामने आया है। बुलेटिन में बताया गया है कि हमले के दौरान उनकी खोपड़ी में 'डिप्रेस्ड फ्रैक्चर' हुआ है और उनकी आंखों की रोशनी पर भी असर पड़ा है।
बताया जा रहा है कि ओमानी को-पायलट हमद अल-हम्मामी ने कॉकपिट में रखी कुल्हाड़ी से जान लेने के इरादे से कैप्टन स्मित के सिर पर कई वार किए थे। इस हमले की वजह से सिर की हड्डी का टुकड़ा अंदर की तरफ धंस गया था।
क्या होता है डिप्रेस्ड फ्रैक्चर?
मेडिकल भाषा में 'डिप्रेस्ड फ्रैक्चर' का मतलब होता है कि सिर पर किसी भारी चीज से इतनी तेज चोट पहुंचाई गई कि खोपड़ी की हड्डी टूटकर अंदर यानी दिमाग की ओर धंस जाती है। मारेन्गो एशिया हॉस्पिटल्स में न्यूरोसर्जरी और न्यूरो-स्पाइन सर्जरी के प्रोफेसर व सीनियर क्लिनिकल डायरेक्टर डॉ. (एयर कमोडोर) कृष्ण कुमार यादव ने बताया कि खोपड़ी का डिप्रेस्ड फ्रैक्चर एक गंभीर स्थिति होती है। इसमें खोपड़ी का एक हिस्सा अंदर दिमाग की तरफ दब जाता है।
डॉ. यादव के अनुसार, ऐसी स्थिति में डॉक्टर बहुत सावधानी से सर्जरी करते हैं। अंदर दबे हुए हड्डी के टुकड़े को उठाया या हटाया जाता है और दिमाग के चारों ओर मौजूद सुरक्षात्मक झिल्ली (मेम्ब्रेन) की जांच की जाती है कि कहीं उसमें कोई कट या फटन तो नहीं है। इसके बाद उस जगह की सफाई करके नुकसान को ठीक किया जाता है और हड्डी को दोबारा अपनी जगह लगाया या बनाया जाता है। यह एक नाजुक काम होता है, लेकिन सही इलाज से मरीज अच्छी तरह ठीक हो जाते हैं।
ऑप्टिक नर्व और तंत्रिका तंत्र पर असर
हमद अल-हम्मामी द्वारा कुल्हाड़ी से किए गए वार के कारण कैप्टन स्मित की नजर (दृष्टि), ऑप्टिक नर्व और तंत्रिका तंत्र पर बुरा प्रभाव पड़ा है। इसके चलते उन्हें धुंधला दिखाई देने और सिरदर्द जैसी समस्याओं से जूझना पड़ रहा है। डॉक्टर फिलहाल उनकी आंखों की रोशनी पर लगातार नजर रख रहे हैं।
अस्पताल में परिवार और स्वास्थ्य में सुधार
तमाम दिक्कतों के बावजूद, राहत की बात यह है कि कैप्टन स्मित धीरे-धीरे सामान्य हो रहे हैं और उनके स्वास्थ्य में सुधार देखा जा रहा है। घटना के तुरंत बाद सऊदी अरब के ताबुक अस्पताल में उनकी पहली इमरजेंसी सर्जरी की गई थी, जिसके बाद उन्हें आगे के इलाज के लिए अबू धाबी शिफ्ट कर दिया गया। कैप्टन स्मित के परिवार को अस्पताल में उनके साथ रहने की अनुमति दे दी गई है और वे चल रहे इलाज से पूरी तरह संतुष्ट हैं।
कैप्टन स्मित मच्छार की इस बहादुरी और जांबाजी की चर्चा आज पूरी दुनिया में हो रही है।

Lalita Rajput
इन्हें लेखन क्षेत्र में लगभग 5 वर्षों का अनुभव है। इस दौरान इन्होंने फाइनेंस, कैलेंडर और बिज़नेस न्यूज़ को गहराई से कवर किया है। इनकी शैक्षणिक पृष्ठभूमि वित्त से जुड़ी है—इन्होंने एमबीए (फाइनेंस) किया है और वर्तमान में फाइनेंस में पीएचडी कर रही हैं। जनवरी 2026 से ये दै. प्रातःकाल में कार्यरत हैं, जहाँ बिज़नेस, फाइनेंस, मौसम और भारतीय सीमाओं से जुड़े समाचार सरल, सटीक और व्यवस्थित ढंग से प्रस्तुत करती हैं।
