नेपाल पीएम बालेन शाह का पहला भारत दौरा, पीएम मोदी से करेंगे मुलाकात, जानें किन मुद्दों पर बनेगी बात और कहां फंसा है पेंच|
25 घंटे की राजकीय यात्रा में 10 सूत्रीय एजेंडे और 2 अरब डॉलर के क्रेडिट लाइन पर चर्चा होगी, जबकि हवाई मार्ग को लेकर मतभेद बरकरार हैं।

प्रधानमंत्री बनने के बाद पहली द्विपक्षीय बैठक के लिए भारत आ रहे नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह की इस राजकीय यात्रा में 10 सूत्रीय एजेंडे और 2 अरब डॉलर के क्रेडिट लाइन पर चर्चा संभावित है।
नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह आज यानी रविवार को भारत के दौरे पर दिल्ली आ रहे हैं। प्रधानमंत्री का पद संभालने के बाद द्विपक्षीय बैठक के लिए यह उनकी पहली विदेश यात्रा है। बालेन शाह की यह यात्रा लगभग 25 घंटे की होगी और वे कल शाम को वापस काठमांडू लौट जाएंगे। भारत की तरफ से इस यात्रा को राजकीय यात्रा का दर्जा दिया गया है, जिसके तहत राष्ट्रपति भवन में उनका सम्मान भी किया जाएगा। इस दौरे के दौरान उनकी भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ द्विपक्षीय बैठक होने वाली है, जिस पर दोनों देशों की निगाहें टिकी हुई हैं।
2 अरब डॉलर की क्रेडिट लाइन और विकास परियोजनाओं पर चर्चा
रिपोर्ट्स के मुताबिक, बालेन शाह के इस दौरे के दौरान भारत नेपाल के लिए 2 अरब डॉलर की क्रेडिट लाइन की घोषणा कर सकता है। इसके अलावा, नेपाल की ओर से 500 मिलियन डॉलर की एक अतिरिक्त क्रेडिट लाइन की मांग भी की जा रही है। दोनों देशों के बीच इन आर्थिक मुद्दों को लेकर बातचीत अंतिम चरण में पहुंच चुकी है। इसके साथ ही अयोध्या से जनकपुर के बीच प्रस्तावित ट्रेन सेवा पर भी बातचीत हो चुकी है और इंटीग्रेटेड जांच चौकियों (चेक पोस्ट) के निर्माण पर सहमति बनने की संभावना है।
दोनों देशों के एजेंडे में कई अन्य बुनियादी ढांचा और ऊर्जा परियोजनाएं भी शामिल हैं। इनमें पुलों का निर्माण, सिलीगुड़ी-चाराली पेट्रोलियम पाइपलाइन प्रोजेक्ट, सीमा पार बिजली व्यापार और जल-साझाकरण से जुड़े मुद्दे प्रमुख हैं। इसके अलावा लोअर अरुण और पंचेश्वर जैसी बड़ी जलविद्युत परियोजनाओं पर भी दोनों पक्षों के बीच चर्चा होने वाली है।
हवाई मार्ग और एयरस्पेस को लेकर फंसी है बातचीत
नेपाल के लिए भारतीय हवाई क्षेत्र से अपने विमानों की अधिक आवाजाही और पोखरा हवाई अड्डे के लिए नए हवाई मार्गों की मंजूरी बेहद महत्वपूर्ण है। हालांकि, हवाई क्षेत्र के मुद्दे पर दोनों देशों के बीच अभी तक अंतिम सहमति नहीं बन पाई है और बातचीत थोड़ी फंसी हुई है। दरअसल, भारत भी बागडोगरा से नेपाली एयरस्पेस में अपने लड़ाकू विमानों की एंट्री चाहता है, जिसे नेपाल अपने लिए संवेदनशील मान रहा है।
काठमांडू से जुड़े सूत्रों के अनुसार, नेपाल के अधिकारियों का कहना है कि उन्हें नागरिक विमानों को अपने क्षेत्र से उड़ान भरने की अनुमति देने में कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन उन्होंने फाइटर जेट्स की उड़ान की इजाजत देने से इनकार कर दिया है। फिर भी दोनों पक्षों के बीच इस पर संवाद जारी है। इसके अलावा विमानों के उड़ान भरने की ऊंचाई को लेकर भी चर्चा चल रही है। काठमांडू पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, भारत ने 39 हजार फीट की ऊंचाई का प्रस्ताव दिया है, जबकि नेपाल 29 हजार फीट की ऊंचाई चाहता है।
सीमा विवाद के मुद्दे को उठाने पर भी हो रहा है विचार
इस यात्रा के दौरान नेपाल के प्रधानमंत्री भारत के सामने कालापानी, लिपुलेख और लिम्पियाधुरा से जुड़े सीमा विवाद का मुद्दा भी उठा सकते हैं। हालांकि भारतीय अधिकारियों की तरफ से इस पर बातचीत की अभी तक मंजूरी नहीं मिली है, लेकिन माना जा रहा है कि बालेन शाह औपचारिक तौर पर इस विषय को रख सकते हैं। काठमांडू से जुड़े सूत्रों ने बताया है कि मंगलवार को बालेन शाह ने अपने भारत दौरे को लेकर नेपाल के कुछ पूर्व डिप्लोमेट्स से मुलाकात की थी। इस बैठक में इस बात पर मंथन किया गया कि सीमा विवाद के मुद्दे को भारत के सामने बातचीत की टेबल पर रखा जाए या नहीं।
सूत्रों के मुताबिक, बालेन शाह प्रचंड बहुमत के साथ सत्ता में आए थे, लेकिन पिछले कुछ महीनों से उनकी छवि कमजोर होने लगी है। ऐसे में वे सीमा विवाद को राष्ट्रवाद का मुद्दा बनाना चाहते हैं, ताकि भारत के सामने इसे उठाने से नेपाल की युवा पीढ़ी (जेन ज़ी) के बीच उनकी छवि फिर से मजबूत हो सके।
कूटनीतिक संतुलन और चीनी दखल की चर्चा
नेपाल के वरिष्ठ पत्रकार और सार्क फोरम के अध्यक्ष राजू लामा का कहना है कि बालेन शाह के भारत दौरे से ठीक पहले चीन ने भी अपना एक अधिकारी काठमांडू भेजा है और बालेन शाह की पार्टी के कम से कम 20 सांसद इस समय चीन के दौरे पर हैं। इसे उनकी कूटनीतिक संतुलन बनाने की नीति के तौर पर देखा जा रहा है। हालांकि राजू लामा का मानना है कि बालेन शाह चीन के बजाय यूरोप और अमेरिका के अधिक करीब हैं और भारत को लेकर भी उनका रुख सकारात्मक रहा है।
10 सूत्रीय 'ज्वाइंट विजन डॉक्यूमेंट' से खुलेंगे नए रास्ते
वर्ष 2013 से 2017 तक नेपाल में भारत के राजदूत रह चुके रंजीत रे ने इस यात्रा के महत्व को समझाते हुए कहा कि यह दौरा सिर्फ औपचारिक कूटनीति तक सीमित नहीं है। इसके माध्यम से दोनों सरकारों को व्यापार, कनेक्टिविटी, ऊर्जा, शिक्षा और सीमा-पार विकास के क्षेत्रों में आपसी सद्भावना को ठोस सहयोग में बदलने का अवसर मिलेगा।
रंजीत रे के अनुसार, इस बैठक में भारत और नेपाल के बीच 10 सूत्रीय 'ज्वाइंट विजन डॉक्यूमेंट' पर हस्ताक्षर हो सकते हैं। इस दस्तावेज में कारोबार, ट्रांजिट रूट, ऊर्जा, कनेक्टिविटी, स्वास्थ्य, शिक्षा और दोनों देशों के नागरिकों के बीच संबंधों को मजबूत करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों को जगह दी गई है। इस विजन डॉक्यूमेंट का थीम 'समृद्ध नेपाल, समुन्नत भारत' रखा गया है। भारत भी नेपाल के बदलते राजनीतिक समीकरणों को समझ रहा है और उम्मीद की जा रही है कि इस दौरे के बाद दोनों देशों के रिश्तों में एक नए और सकारात्मक अध्याय की शुरुआत होगी।

Lalita Rajput
इन्हें लेखन क्षेत्र में लगभग 5 वर्षों का अनुभव है। इस दौरान इन्होंने फाइनेंस, कैलेंडर और बिज़नेस न्यूज़ को गहराई से कवर किया है। इनकी शैक्षणिक पृष्ठभूमि वित्त से जुड़ी है—इन्होंने एमबीए (फाइनेंस) किया है और वर्तमान में फाइनेंस में पीएचडी कर रही हैं। जनवरी 2026 से ये दै. प्रातःकाल में कार्यरत हैं, जहाँ बिज़नेस, फाइनेंस, मौसम और भारतीय सीमाओं से जुड़े समाचार सरल, सटीक और व्यवस्थित ढंग से प्रस्तुत करती हैं।
