अयोध्या: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के आगामी 12 दिसंबर को प्रस्तावित रामलला के दर्शन कार्यक्रम को लेकर अयोध्या के संत समाज में भारी नाराजगी देखी जा रही है। इस विषय पर विचार करने के लिए मणिराम दास छावनी में अयोध्या के प्रमुख संतों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में संतों ने सर्वसम्मति से आधा दर्जन से अधिक प्रस्ताव पारित किए और अखिलेश यादव के सपरिवार दर्शन करने की योजना को चुनाव के दौरान किया जाने वाला नाटक करार दिया।

क्षमा नहीं मांगी तो दौरे पर प्रतिबंध की होगी मांग

संतों द्वारा पारित किए गए प्रस्ताव में यह स्पष्ट रूप से कहा गया है कि यदि अखिलेश यादव रामलला के दर्शन करने से पहले साल 1990 में हुए गोलीकांड की घटना को लेकर संत समाज और सनातन समाज से क्षमा नहीं मांगते हैं, तो संत समाज सरकार से उनके 12 दिसंबर के अयोध्या दौरे पर प्रतिबंध लगाने की मांग करेगा। हालांकि, संतों ने यह भी साफ किया कि यदि वे अपनी गलती स्वीकार कर क्षमा मांगने के बाद दर्शन के लिए अयोध्या आते हैं, तो संत समाज उनका स्वागत करेगा।

दर्शन करने नहीं, बल्कि नाटक करने आ रहे हैं: संत रामायणी महाराज

बैठक के दौरान संतों ने कड़े शब्दों में कहा कि जिन लोगों ने कारसेवकों पर गोलियां चलवाईं और संतों पर लाठीचार्ज करवाया, वे आज केवल हिंदू वोट पाने के लिए राम मंदिर में दर्शन करना चाहते हैं। संतों ने दो टूक कहा कि सपा प्रमुख पहले कारसेवकों पर गोली चलाए जाने की घटना पर माफी मांगें, अपने पाप का प्रायश्चित करें और उसके बाद ही अयोध्या आकर रामलला के दर्शन करें।

इस दौरान संत रामायणी महाराज ने कहा कि अखिलेश यादव आज दर्शन करने नहीं बल्कि यह सोचकर नाटक करने आ रहे हैं कि उन्हें हिंदुओं का वोट मिल जाएगा। उन्होंने आगे कहा कि यदि कोई असली हिंदू, राम वंशज या सूर्यवंशी है, तो वह उन्हें एक भी वोट नहीं देगा। उन्होंने यह भी विश्वास जताया कि योगी आदित्यनाथ ही पुनः मुख्यमंत्री बनेंगे, इसमें कोई संदेह नहीं है।

1990 के गोलीकांड की दिलाई याद और की भावुक अपील

संत रामायणी ने साल 1990 में कारसेवकों पर हुए गोलीकांड के दर्दनाक मंजर को याद करते हुए कहा कि उस समय पूरी अयोध्या रो रही थी, चारों ओर धुआं फैला हुआ था और राम भक्तों की लाशें मणिराम छावनी में बिछी हुई थीं।

बैठक के अंत में संतों ने अयोध्या के निवासियों से आह्वान किया कि जो लोग अयोध्या में रहते हैं और भगवान राम की रोटी खाते हैं, उन्हें श्री राम के सिवाय किसी अन्य को वोट नहीं देना चाहिए। साथ ही संतों ने लोगों से ऐसी सभाओं में न जाने की भी अपील की, जहां जाने से उनका वोट विपक्ष के खाते में चला जाए।

Lalita Rajput

Lalita Rajput

इन्हें लेखन क्षेत्र में लगभग 5 वर्षों का अनुभव है। इस दौरान इन्होंने फाइनेंस, कैलेंडर और बिज़नेस न्यूज़ को गहराई से कवर किया है। इनकी शैक्षणिक पृष्ठभूमि वित्त से जुड़ी है—इन्होंने एमबीए (फाइनेंस) किया है और वर्तमान में फाइनेंस में पीएचडी कर रही हैं। जनवरी 2026 से ये दै. प्रातःकाल में कार्यरत हैं, जहाँ बिज़नेस, फाइनेंस, मौसम और भारतीय सीमाओं से जुड़े समाचार सरल, सटीक और व्यवस्थित ढंग से प्रस्तुत करती हैं।

Next Story