दिल्ली के उत्तम नगर में तेज रफ्तार का कहर, ऑडी कार की टक्कर से बाइक सवार गंभीर रूप से घायल|
दिल्ली में ऑडी कार ने बाइक और कार को मारी जोरदार टक्कर, हादसे के बाद ड्राइवर कार छोड़ मौके से फरार।

उत्तम नगर में दुर्घटनाग्रस्त हुई बाइक का दृश्य, जिसे पुलिस ने थाने में जब्त किया है।
दिल्ली की सड़कों पर अनियंत्रित रफ्तार का तांडव थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला पश्चिमी दिल्ली के उत्तम नगर इलाके का है, जहां शनिवार रात एक तेज रफ्तार ऑडी कार ने सड़क पर चल रही एक बाइक और अन्य कार को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसे आनन-फानन में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद आरोपी ड्राइवर अपनी ऑडी कार को मौके पर ही छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
डीसीपी द्वारका कुशल पाल सिंह के अनुसार, पुलिस को शनिवार रात करीब 8:02 बजे पीसीआर कॉल के जरिए इस घटना की सूचना मिली थी। कॉलर ने बताया कि विकासपुरी मछली मार्केट के पास मेन रोड पर एक गुजरात नंबर की ऑडी कार ने दिल्ली नंबर की गाड़ी और एक बाइक को बुरी तरह हिट किया है। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। वहां का नजारा विचलित करने वाला था, जहां ऑडी कार, एक होंडा एलीवेट कार और क्षतिग्रस्त बाइक बिखरी पड़ी थी।
हादसे में घायल बाइक सवार की पहचान विकास नगर निवासी राहुल के रूप में हुई है। उन्हें तत्काल उपचार के लिए उत्तम नगर के माता रूप रानी मग्गो हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। हालांकि, अस्पताल में जब पुलिस टीम ने उनसे पूछताछ करने की कोशिश की, तो वे बयान देने की हालत में नहीं थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने घटनास्थल पर मौजूद लोगों से विस्तृत पूछताछ की। रोहिणी के निवासी पवन कुमार शर्मा ने पुलिस को हादसे के बारे में अहम जानकारी मुहैया कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब मौके से फरार हुए आरोपी ड्राइवर की तलाश में जुटी है और सीसीटीवी फुटेज खंगालने की तैयारी की जा रही है।
वहीं, पश्चिमी दिल्ली में ही रविवार दोपहर को एक और सड़क हादसा देखने को मिला। विकासपुरी इलाके के एच ब्लॉक स्थित पेट्रोल पंप के पास एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर ट्रैक्टर से टकरा गई। इस टक्कर में कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर विकासपुरी थाने से पुलिस की टीम ने पहुंचकर स्थिति को संभाला और मामले की कानूनी कार्यवाही शुरू की। दिल्ली में लगातार हो रहे इन सड़क हादसों ने प्रशासन और नागरिकों दोनों के लिए एक बड़ी चुनौती पेश कर दी है, जहां तेज रफ्तार और लापरवाही किसी की जान पर भारी पड़ रही है।

Lalita Rajput
इन्हें लेखन क्षेत्र में लगभग 5 वर्षों का अनुभव है। इस दौरान इन्होंने फाइनेंस, कैलेंडर और बिज़नेस न्यूज़ को गहराई से कवर किया है। इनकी शैक्षणिक पृष्ठभूमि वित्त से जुड़ी है—इन्होंने एमबीए (फाइनेंस) किया है और वर्तमान में फाइनेंस में पीएचडी कर रही हैं। जनवरी 2026 से ये दै. प्रातःकाल में कार्यरत हैं, जहाँ बिज़नेस, फाइनेंस, मौसम और भारतीय सीमाओं से जुड़े समाचार सरल, सटीक और व्यवस्थित ढंग से प्रस्तुत करती हैं।
