आधार धारकों के लिए अलर्ट; आज से हुए नए नियम लागू
नए नियमों के तहत अब आधार कार्ड में बदलाव घर बैठे ऑनलाइन करवाया जा सकेगा। फिंगरप्रिंट और फोटो अपडेट के लिए शुल्क तय, बच्चों और किशोरों को राहत भी।

नए महीने की शुरुआत के साथ ही आम जनता के लिए आधार कार्ड से जुड़े नियमों में बड़ा बदलाव किया गया है। अब आधार अपडेट कराने के लिए लंबी कतारों और सेंटर के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं होगी। यूआईडीएआई (UIDAI) ने नई व्यवस्था के तहत आधार से जुड़ी कई जानकारियां ऑनलाइन ही अपडेट करने की सुविधा दी है, जिससे लोगों का समय और मेहनत दोनों बचेंगे।
नई प्रणाली के अनुसार, आधार कार्डधारक अब अपने नाम, पते, जन्मतिथि और मोबाइल नंबर जैसी जानकारियां घर बैठे ऑनलाइन ही सुधार सकेंगे। यह सुविधा पूरी तरह डिजिटल होगी और इसे सरल व सुरक्षित बनाने के लिए यूआईडीएआई ने पोर्टल पर नई प्रक्रिया लागू की है।
इसके साथ ही सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि 31 दिसंबर 2025 से पहले सभी नागरिकों को अपना पैन कार्ड आधार से लिंक करवाना अनिवार्य होगा। समय सीमा पार होने पर कई वित्तीय सेवाओं पर असर पड़ सकता है।
यूआईडीएआई की नई शुल्क संरचना के अनुसार, फिंगरप्रिंट और फोटो जैसे बायोमैट्रिक अपडेट के लिए 125 रुपए फीस देनी होगी। हालांकि, 5 से 7 वर्ष की उम्र वाले बच्चों के लिए यह सेवा पहली बार पूरी तरह मुफ्त रहेगी। इसी तरह, 15 से 17 वर्ष की उम्र के किशोरों के लिए दो बार तक का अपडेट निशुल्क रहेगा।
यदि कार्डधारक केवल नाम, जेंडर, जन्मतिथि, एड्रेस, मोबाइल या ईमेल से जुड़ा डेमोग्राफिक अपडेट करवाना चाहते हैं, तो बायोमैट्रिक अपडेट के साथ यह सेवा फ्री रहेगी, लेकिन अलग से करवाने पर 75 रुपए फीस देनी होगी।
यूआईडीएआई ने यह भी बताया है कि पहचान और पते से जुड़े दस्तावेज 14 जून 2026 तक बिना किसी शुल्क के पोर्टल पर सबमिट किए जा सकते हैं। इसके बाद इस सेवा पर शुल्क लग सकता है।
वहीं, आधार कार्ड की रीप्रिंट सेवा के लिए अब 40 रुपए का भुगतान करना होगा, जबकि घर पर जाकर एनरोलमेंट सेवा (होम सर्विस) लेने पर पहला व्यक्ति 700 रुपए और उसी पते पर मौजूद अन्य व्यक्तियों के लिए 350 रुपए प्रति व्यक्ति का शुल्क देना होगा।
इन बदलावों का उद्देश्य नागरिकों को आधार से जुड़ी सेवाओं तक आसान, सुरक्षित और डिजिटल पहुंच प्रदान करना है, ताकि पहचान से जुड़ी किसी भी प्रक्रिया में पारदर्शिता और सुविधा दोनों बनी रहे।

Ashiti Joil
यह प्रातःकाल में कंटेंट रायटर अँड एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। यह गए 3 सालों से पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं। इन्होंने लोकसत्ता, टाईम महाराष्ट्र, PR और हैट मीडिया में सोशल मीडिया कंटेंट रायटर के तौर पर काम किया है। इन्होंने मराठी साहित्य में मास्टर डिग्री पूर्ण कि है और अभी ये यूनिवर्सिटी के गरवारे इंस्टीट्यूड में PGDMM (Marthi Journalism) कर रही है। यह अब राजकरण, बिजनेस , टेक्नोलॉजी , मनोरंजन और क्रीड़ा इनके समाचार बनती हैं।
