2 अक्टूबर को रिलीज़ हुई 'कांतारा चैप्टर 1' को विश्व भर ने दो ही दिन में बहुत सारा प्रेम दिया है। ऋषभ शेट्टी के इस फिल्म ने अब तक 120 करोड़ रुपयों से भी अधिक की कमाई कर ली है। इस फिल्म की हर बारीकी को लोगों ने पसदं किया है। पर इसके अलावा लोगों के आकर्षण को अपनी ओर केंद्रित किया एक जाने-माने चेहरे ने। फिल्म में राजकुमारी कांकवती का अभिनय कर रही 'रुक्मिणी वसंत' ने अपनी बेहतरीन एक्टिंग से फैंस के दिल में अपनी जगह बनाई।


रुक्मिणी का जन्म 10 दिसंबर 1996 को बेंगलुरु, कर्नाटक में हुआ था। उन्होंने अभिनय की पढ़ाई लंदन के मशहूर रॉयल एकेडमी ऑफ ड्रामेटिक आर्ट्स RADA से की। उनकी लगन और मेहनत ने उन्हें जल्द ही इंडस्ट्री में एक जाना-पहचाना नाम बना दिया। रुक्मिणी ने अपने फिल्मी करियर की शुरुआत 2019 में आई फिल्म 'बिरबल ट्रिलॉजी केस 1 फाइंडिंग वज्रमुनि' से की। लेकिन यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर ज्यादा कमाल न दिखा सकी, हालाँकि रुक्मिणी के अभिनय ने दर्शकों का ध्यान खींचा और उन्हें पहचान दिलाई। 2023 में रिलीज़ हुई फिल्म 'सप्त सागरदाचे एलो साइड A और साइड बी' में उनकी शानदार एक्टिंग को खूब सराहना मिली।


इस फिल्म के लिए उन्हें कई बड़े पुरस्कार भी मिले, जैसे कि फ़िल्मफेर क्रिटिक्स अवार्ड फॉर बेस्ट एक्ट्रेस - कन्नड़। रुक्मिणी वसंत का करियर तब और चमका, जब 2025 में रिलीज़ हुई फिल्म 'कांतारा चैप्टर 1' में उन्होंने ऐतिहासिक योद्धा राजकुमारी 'कांकवती' का किरदार निभाया। इस भूमिका के लिए उन्होंने तलवारबाजी, घुड़सवारी और युद्ध कौशल जैसे कई कठिन शिक्षा ली। उनकी मेहनत और लगन ने उनके किरदार को इतना प्रभावशाली बनाया कि फैंस उनके किरदार को देखकर बहुत ज़्यादा खुश हुए।


फिल्म इंडस्ट्री और मीडिया ने उनकी इस भूमिका को कन्नड़ सिनेमा के लिए एक नया मुकाम बताया। रुक्मिणी वसंत ने अपने करियर को पूरी प्रोफेशनल तरीके से आगे बढ़ाया है। उनका मानना है कि एक्टिंग सिर्फ एक काम नहीं है, बल्कि एक जिंदगी जीने का तरीका है। फिल्म 'कांतारा चैप्टर 1' ने उन्हें न सिर्फ एक कलाकार के रूप में, बल्कि एक इंसान के रूप में भी नया नजरिया दिया। उन्होंने इस अनुभव को जिंदगी बदलने वाला बताया।


रुक्मिणी ने 2 अक्टूबर को अपने इंस्टाग्राम पोस्ट के माध्यम से, 'कांतारा चैप्टर 1' के निर्देशक और एक्टर ऋषभ शेट्टी को एक मैसेज लिखते हुए कहा कि, "ऋषभ सर इस प्रोजेक्ट की नींव रहे हैं। सर, इस शानदार फिल्म के लिए आपकी कड़ी मेहनत और नेतृत्व बेहद प्रेरणादायक रहा है। मुझ पर विश्वास करने और इस सफ़र में मेरा साथ देने के लिए आपका धन्यवाद।"



रुक्मिणी वसंत का जीवन बहुत से उभरते कलाकारों के लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने बिना हार माने अपनी किस्मत पर यकीन किया। और हौसले से अपने जीवन में आगे बढ़ती रहीं। रुक्मिणी और भी कुछ शानदार फिल्मों में अब शामिल हुई हैं, जिनमें उनका मुख्य रोल होगा।

Updated On
Manyaa Chaudhary

Manyaa Chaudhary

यह 'प्रातःकाल' में एसोसिएट एडिटर के पद पर हैं। और पिछले दो वर्षों से इन्हें रिपोर्टिंग और इवेंट मैनेजमेंट का अनुभव है। इससे पहले इन्होंने 'स्वदेश न्यूज़ चैनल' में बतौर ट्रेनी रिपोर्टर काम किया है। ये विशेष रूप में मनोरंजन, स्पोर्ट्स, और क्राइम रिपोर्टिंग क्षेत्र में समर्थ हैं। अभी यह जर्नलिज्म की पढाई कर रही हैं।

Next Story