ग्वालियर के शीतला माता मंदिर के पास एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। चीनौर रोड पर शनिवार और रविवार की दरमियानी रात करीब 1:30 बजे धान से लदा एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रक श्रद्धालुओं की भीड़ में जा घुसा। इस भीषण दुर्घटना में 14 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 29 अन्य लोग घायल हो गए हैं। मृतकों में महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग शामिल हैं।

बैरिकेड तोड़कर प्रतिबंधित मार्ग में घुसा ट्रक

नवरात्रि के अवसर पर शीतला माता मंदिर में दर्शन के लिए भारी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे थे। भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा के लिहाज से पुलिस ने चीनौर रोड पर भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाने के लिए बैरिकेड्स और चेकपोस्ट लगाए थे। इसके बावजूद, छिनोर की तरफ से आ रहा धान से भरा ट्रक बैरिकेड्स तोड़ते हुए प्रतिबंधित मार्ग पर आगे निकल गया। चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया और ट्रक मंदिर के प्रवेश द्वार तथा बाहरी दीवार से टकरा गया। इस घटना में ड्यूटी पर तैनात दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं।


जांच के आदेश और कार्रवाई

कलेक्टर रुचिका चौहान ने इस पूरे हादसे की मजिस्ट्रेटी और उच्चस्तरीय प्रशासनिक जांच के आदेश दिए हैं। हादसे के बाद आरटीओ की टीम ट्रक की तकनीकी स्थिति की जांच कर रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि प्रतिबंध के बावजूद ट्रक उस रास्ते पर कैसे पहुंचा और दुर्घटना की वजह तकनीकी खराबी थी या चालक की लापरवाही। हादसे में गंभीर रूप से घायल 7 लोगों समेत सभी 29 घायलों का अलग-अलग अस्पतालों में इलाज चल रहा है।

11 मृतकों की पहचान, 3 की शिनाख्त बाकी

हादसे में जान गंवाने वाले 14 लोगों में से 11 की पहचान हो चुकी है, जबकि 3 अन्य शवों की शिनाख्त की प्रक्रिया जारी है।

मृतकों की सूची:

  • सत्येंद्र गुर्जर (22 वर्ष), पिता: जगदीश गुर्जर, पता: महलगांव, ग्वालियर
  • सरला तोमर (50 वर्ष), पति: राजेंद्र कुमार, पता: हनुमान पहाड़ी, राजीव नगर, गुड़ा-गुड़ी का नाका, ग्वालियर
  • गौरव परिहार (18 वर्ष), पिता: कमलेश परिहार, पता: बड़ा गांव खुरेरी, ग्वालियर
  • महेश शर्मा (45 वर्ष), पिता: मातादीन शर्मा, पता: सहसराम, गसवानी, जिला श्योपुर
  • विमलेश (18 वर्ष), पिता: बबलू बघेल, पता: महागावरा, थाना सीहोर, जिला शिवपुरी
  • देवेश बघेल (17 वर्ष), पिता: हरि सिंह बघेल, पता: मावटा, थाना भितरवार
  • प्रिंस उर्फ छोटू जाटव (16 वर्ष), पिता: संतोष जाटव, पता: चौहान प्याऊ, गल्ला कोठार
  • शौर्य शर्मा (15 वर्ष), पिता: संजय शर्मा, पता: सहसराम गोस्वामी, जिला शिवपुरी
  • हेमंत राठौड़ (21 वर्ष), पिता: जबर सिंह राठौड़, पता: यादव धर्म कांटा, हजीरा, ग्वालियर
  • दिव्यांश (16 वर्ष), पिता: अशोक कुशवाहा, पता: महेशपुरा, सिकंदर कंपू, ग्वालियर
  • पवन (23 वर्ष), पिता: विद्याराम राठौर, पता: गदाईपुर, हजीरा, ग्वालियर


Lalita Rajput

Lalita Rajput

इन्हें लेखन क्षेत्र में लगभग 5 वर्षों का अनुभव है। इस दौरान इन्होंने फाइनेंस, कैलेंडर और बिज़नेस न्यूज़ को गहराई से कवर किया है। इनकी शैक्षणिक पृष्ठभूमि वित्त से जुड़ी है—इन्होंने एमबीए (फाइनेंस) किया है और वर्तमान में फाइनेंस में पीएचडी कर रही हैं। जनवरी 2026 से ये दै. प्रातःकाल में कार्यरत हैं, जहाँ बिज़नेस, फाइनेंस, मौसम और भारतीय सीमाओं से जुड़े समाचार सरल, सटीक और व्यवस्थित ढंग से प्रस्तुत करती हैं।

Next Story