टोंक। सेंट सोल्जर महाविद्यालय, टोंक में 17 अक्टूबर 2026 को माय भारत केंद्र, टोंक एवं युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में ब्लॉक स्तरीय पड़ोस युवा संसद का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य विषय ‘नशामुक्त युवा’ रहा। इसमें युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों, स्वास्थ्य जागरूकता, सामाजिक जिम्मेदारियों और राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित युवाओं ने स्वयं नशे से दूर रहने और समाज में नशामुक्ति का संदेश फैलाने की शपथ ली।

कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला युवा अधिकारी कुमार मधुकर ने की। उन्होंने युवाओं को माय भारत पोर्टल की जानकारी देते हुए इसके माध्यम से उपलब्ध अवसरों, युवा कार्यक्रमों और गतिविधियों से जुड़ने के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने पड़ोस युवा संसद कार्यक्रम के उद्देश्यों और इसकी प्रासंगिकता के बारे में बताते हुए युवाओं से सक्रिय सहभागिता निभाने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में अपनी भूमिका सुनिश्चित करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में शैक्षणिक एवं प्रशासनिक क्षेत्रों से जुड़े गणमान्य अतिथियों ने सहभागिता की। सेंट सोल्जर शिक्षा समिति के निदेशक डॉ. बाबूलाल शर्मा ने युवाओं को शिक्षा के साथ अच्छे संस्कार अपनाने और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए प्रेरित किया। सेंट सोल्जर महिला महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राघवेंद्र सिंह नामा ने नशे से दूर रहकर अपने भविष्य, स्वास्थ्य और शिक्षा पर ध्यान केंद्रित करने का संदेश दिया।

कॉलेज शिक्षा विभाग के सेवानिवृत्त प्राचार्य डॉ. मदन मोहन नामा ने युवाओं को अनुशासित जीवनशैली अपनाने और सामाजिक बुराइयों के विरुद्ध जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया। माय भारत के सेवानिवृत्त संयुक्त निदेशक किशन लाल जाट ने युवा कार्यक्रमों के महत्व को रेखांकित करते हुए युवाओं से सामाजिक एवं राष्ट्रहित के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।

जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. हिमांशु मित्तल ने नशे से होने वाले शारीरिक एवं मानसिक दुष्प्रभावों को समझने, स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने पर जोर दिया। राजकीय कन्या महाविद्यालय, टोंक की प्राचार्य डॉ. सुलोचना ने युवाओं, विशेषकर छात्राओं, को आत्मविश्वास, जागरूकता और सामाजिक उत्तरदायित्व के साथ आगे बढ़ने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में योगदान देने का संदेश दिया।

सभी वक्ताओं ने कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति हैं और उनके स्वस्थ, जागरूक एवं जिम्मेदार होने से ही सशक्त राष्ट्र का निर्माण संभव है। उन्होंने युवाओं से स्वयं नशे से दूर रहने, अपने साथियों को भी इसके प्रति जागरूक करने तथा परिवार और समाज तक नशामुक्ति का संदेश पहुंचाने की अपील की।

कार्यक्रम का मंच संचालन एनएसएस समन्वयक अवधेश पारीक ने किया। उन्होंने कार्यक्रम की विषयवस्तु को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करते हुए युवाओं की सामाजिक भागीदारी और जागरूकता के महत्व को रेखांकित किया।

समापन अवसर पर माय भारत केंद्र के एपीएस रोहिल कुमार कट्टा ने उपस्थित युवाओं को नशामुक्ति की शपथ दिलाई। युवाओं ने नशे से दूर रहने और समाज में नशामुक्ति के प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। आयोजन को सफल बनाने में माय भारत स्वयंसेवक शैलेन्द्र, विशाल एवं सावन ने महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया।

ब्लॉक स्तरीय पड़ोस युवा संसद के माध्यम से युवाओं को माय भारत पोर्टल से जुड़ने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, सामाजिक जिम्मेदारियों का निर्वहन करने और नशामुक्त एवं सशक्त भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश दिया गया।

Next Story