टोंक में राष्ट्रीय राजमार्ग-52 सवाईमाधोपुर अण्डरपास, सदभावना नगर के पास निर्माणाधीन मृत्युंजय महादेव सद्गुरु आश्रम में शनिवार को राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी पहुंचे। उन्होंने आश्रम के गुरुदेव पंडित राजकुमार शर्मा से भेंट की और उनका आशीर्वाद लिया।

इस दौरान गुरुदेव पंडित राजकुमार शर्मा और वासुदेव देवनानी के बीच सनातन धर्म, भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक परंपराओं तथा राष्ट्र के उत्थान से जुड़े विभिन्न विषयों पर सार्थक चर्चा हुई। आध्यात्मिक मूल्यों, भारतीय संस्कारों और प्राचीन परंपराओं को जन-जन तक पहुंचाने तथा समाज में सकारात्मक चेतना के विस्तार को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया।

भेंट के दौरान मृत्युंजय महादेव सद्गुरु आश्रम के आगामी कार्यक्रमों और यहां संचालित होने वाले विभिन्न आध्यात्मिक एवं सामाजिक प्रकल्पों की जानकारी भी वासुदेव देवनानी ने प्राप्त की।

आश्रम की व्यवस्थापक विष्णु साहू ने बताया कि अश्विन नवरात्रि के पावन अवसर पर 11 अक्टूबर से मृत्युंजय महादेव सद्गुरु आश्रम, टोंक का विधिवत शुभारंभ किया जाएगा। नवरात्रि के दौरान आश्रम परिसर में विशेष धार्मिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रम आयोजित होंगे और इस पावन उत्सव को भव्य रूप से मनाया जाएगा।

उन्होंने बताया कि आश्रम के शुभारंभ एवं नवरात्रि महोत्सव में देश-विदेश से श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। आश्रम में सनातन संस्कृति, आध्यात्मिक साधना, धार्मिक अनुष्ठान, भारतीय परंपराओं के संरक्षण तथा समाज में संस्कार और सेवा की भावना को बढ़ावा देने से जुड़े विभिन्न प्रकल्प संचालित किए जाएंगे।

मृत्युंजय महादेव सद्गुरु आश्रम को सनातन परंपरा, आध्यात्मिक साधना, संस्कार, सेवा और राष्ट्रहित की भावना को समर्पित एक प्रमुख आध्यात्मिक केंद्र के रूप में विकसित करने का संकल्प लिया गया है। पूज्य गुरुदेव पंडित राजकुमार शर्मा के मार्गदर्शन में आश्रम में होने वाले धार्मिक एवं आध्यात्मिक आयोजनों के माध्यम से भारतीय संस्कृति की गौरवशाली परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने तथा समाज में आध्यात्मिक जागरण का संदेश देने का प्रयास किया जाएगा।

अश्विन नवरात्रि के पावन अवसर पर 11 अक्टूबर से होने वाला आश्रम का विधिवत शुभारंभ टोंक के आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक जीवन में एक नए अध्याय की शुरुआत के रूप में देखा जा रहा है।

Next Story