जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सरोली मोड़ क्षेत्र से करीब 3 करोड़ रुपये बाजार कीमत की 1 किलो 475 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की है। टोंक डीएसटी और घाड़ थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में एक 20 वर्षीय तस्कर को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के खिलाफ पहले से ही एनडीपीएस एक्ट के 10 मामले दर्ज हैं।

पुलिस अधीक्षक रोशन मीणा ने मीडिया को बताया कि नशा मुक्त टोंक अभियान के तहत जिला स्पेशल टीम इंचार्ज ओम प्रकाश चौधरी और घाड़ थाना एसएचओ हरिराम वर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सरोली मोड़ क्षेत्र में कार्रवाई की। इस दौरान संदिग्ध युवक को पकड़कर तलाशी ली गई, जिसमें उसके कब्जे से 1 किलो 475 ग्राम अवैध स्मैक, एक मोबाइल फोन और 1 हजार 160 रुपये नकद बरामद हुए।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान 20 वर्षीय रमेश तंवर राजपूत निवासी पाल खंडा सरखण्डी, थाना घाटोली, जिला झालावाड़ के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी रमेश तंवर टोंक के सुनील और नरेंद्र नाम के सप्लायरों को स्मैक की आपूर्ति करता था। आरोपी के खिलाफ पहले से एनडीपीएस एक्ट के 10 मामले दर्ज हैं, जिनमें एक प्रकरण टोंक में भी दर्ज है।

घाड़ थाना पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को न्यायालय में पेश किया। न्यायालय ने उसे चार दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ के आधार पर मादक पदार्थों की तस्करी के नेटवर्क, सप्लायरों और नशे के कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है। करीब 3 करोड़ रुपये की स्मैक की बरामदगी के बाद पुलिस की जांच का केंद्र अब इस अवैध कारोबार से जुड़े पूरे नेटवर्क तक पहुंचना है।

Next Story