टोंक नगर परिषद में कांग्रेस का बोर्ड गठित होने के बाद आयोजित धन्यवाद रैली में कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव एवं टोंक विधायक सचिन पायलट शामिल हुए। उन्होंने नगर परिषद चुनाव में कांग्रेस को समर्थन और आशीर्वाद देने के लिए टोंक की जनता का आभार व्यक्त किया। टोंक पहुंचने से पहले मार्ग में जगह-जगह कार्यकर्ताओं और आमजन ने उनका स्वागत किया। विभिन्न स्थानों पर फूल-मालाओं से अभिनंदन किया गया। ढोल-नगाड़ों की गूंज, आतिशबाजी और पटाखों के साथ पायलट का स्वागत हुआ। बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और आमजन मार्ग में मौजूद रहे।

पायलट ने टोंक के सभी क्षेत्रवासियों का आभार जताते हुए कहा कि टोंक की जनता ने एक बार फिर कांग्रेस पार्टी पर विश्वास जताया है। उन्होंने कहा कि टोंक नगर परिषद के सभी निवासियों और विशेष रूप से अपने क्षेत्रवासियों का वे हृदय से धन्यवाद करते हैं, जिन्होंने एक बार फिर कांग्रेस पार्टी को बहुत अच्छा बहुमत दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने सोच-समझकर पढ़े-लिखे, शिक्षित और युवा व्यक्ति को नेतृत्व का अवसर दिया है। मयंक गोयल महज 24 वर्ष के हैं और नई पीढ़ी को राजनीतिक क्षेत्र में आगे बढ़ने का मौका मिलना सभी के लिए खुशी की बात है।

मीडिया से बातचीत में पायलट ने कहा कि इन चुनावों के दौरान जिस प्रकार के हालात देखने को मिले, वैसे हालात पहले कभी नहीं देखे गए। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव के बाद कांग्रेस के निर्वाचित पार्षदों पर दबाव बनाने का सुनियोजित प्रयास किया गया। पुलिस और प्रशासनिक मशीनरी का इस्तेमाल करते हुए खुलेआम यह दबाव बनाया गया कि कांग्रेस का बोर्ड नहीं बनने दिया जाए।

पायलट ने कहा कि इसके बावजूद कांग्रेस के पार्षद अपने निर्णय पर अडिग रहे और उन्होंने तमाम दबाव, धमकियों तथा प्रताड़ना को सहन करते हुए कांग्रेस पार्टी के पक्ष में मतदान किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के सभी निर्वाचित प्रतिनिधियों ने जिस मजबूती और साहस का परिचय दिया है, उसके लिए वे साधुवाद के पात्र हैं।

उन्होंने कहा कि अब पंचायत और जिला परिषद के चुनाव सामने हैं और कांग्रेस को पूरा विश्वास है कि इन चुनावों में भाजपा का सूपड़ा साफ होगा। पायलट ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के मंत्रियों ने निकाय चुनाव के दौरान चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन किया, सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग किया और लोगों को प्रभावित तथा प्रताड़ित करने का प्रयास किया। उन्होंने इसे लोकतंत्र के लिए शुभ संकेत नहीं बताया।

पायलट ने कहा कि सरकार ने चुनाव के दौरान जो कुछ करना था, वह सब कर लिया, लेकिन जनता सब देख रही है और आने वाले चुनावों में जनता इसका जवाब देगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में विधानसभा चुनाव के लिए अब लगभग दो वर्ष का समय बचा है। ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों से मिल रहे फीडबैक से साफ दिखाई देता है कि आने वाले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस बहुत आगे रहेगी।

उन्होंने कहा कि टोंक की जनता ने एक नौजवान को नगर परिषद की जिम्मेदारी देकर सकारात्मक संदेश दिया है। सभापति और उपसभापति मिलकर नगर परिषद के विकास को गति देंगे। पायलट ने कहा कि भले ही प्रदेश में भाजपा की सरकार है, लेकिन टोंक के विकास में किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी और सभी मिलकर विकास के लिए संकल्पबद्ध होकर काम करेंगे।

पायलट ने कहा कि जून 2024 में लोकसभा चुनाव के बाद भाजपा के 240 सांसद चुनकर आए थे। इसके बाद पिछले दो वर्षों में भाजपा ने विभिन्न राजनीतिक दलों में विभाजन करवाकर अपना संख्या बल बढ़ाने का प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा जिस प्रकार से विपक्षी दलों को कमजोर करने और अपना संख्या बल बढ़ाने की राजनीति कर रही है, उससे लोकतांत्रिक व्यवस्था प्रभावित होती है।

प्रदेश के मौजूदा हालात पर चिंता व्यक्त करते हुए पायलट ने कहा कि राज्य के अधिकांश जिलों में कम बारिश के कारण सूखे जैसे हालात बन रहे हैं। दूसरी ओर किसानों को डीएपी और खाद की किल्लत का सामना करना पड़ रहा है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में भारी आक्रोश है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार व्यवस्थाओं को संभालने में पूरी तरह विफल साबित हो रही है और जनता की समस्याओं का समाधान करने के बजाय चुनावों को अपनी कुर्सी बचाने के साधन के रूप में देख रही है।

उन्होंने विश्वास जताया कि पंचायत चुनाव और जिला परिषद चुनाव सहित ग्रामीण क्षेत्रों के आगामी चुनावों में कांग्रेस पार्टी को भारी बहुमत मिलेगा।

पायलट ने निर्वाचन आयोग को लेकर भी गंभीर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि आज पूरे देश में निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठ रहे हैं और इसके लिए भाजपा नेतृत्व जिम्मेदार है। उन्होंने आरोप लगाया कि निर्वाचन आयोग जैसी निष्पक्ष संवैधानिक संस्था को लगातार कमजोर और खोखला करने का प्रयास किया जा रहा है।

इस दौरान टोंक पहुंचने पर छावनी चौराहे पर अध्यक्ष रेल लाओ संघर्ष समिति एवं पार्षद अकबर खान ने सैकड़ों महिलाओं और पुरुषों के साथ सचिन पायलट का ढोल-नगाड़ों से स्वागत किया। उन्हें 51 किलो की भव्य माला पहनाकर अभिनंदन किया गया। पायलट के स्वागत के दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और आमजन मौजूद रहे। टोंक नगर परिषद में कांग्रेस बोर्ड के गठन के बाद आयोजित धन्यवाद रैली और स्वागत कार्यक्रम ने स्थानीय निकाय चुनाव के बाद कांग्रेस के राजनीतिक उत्साह को सामने रखा।

Next Story