टोंक में 1660 नवनियुक्तों को नियुक्ति पत्र, मंत्री कन्हैयालाल चौधरी बोले- 11 पौधे नहीं लगाए तो लगेगा पाप
टोंक के कृषि ऑडिटोरियम में 1660 नवनियुक्त कर्मचारियों को नियुक्ति पत्र मिले। मंत्री कन्हैयालाल चौधरी ने 11 पौधे लगाने की अपील करते हुए बड़ा संदेश दिया।

तस्वीर में टोंक के कृषि ऑडिटोरियम में मंच पर पुलिस अधीक्षक रोशन मीणा, जिला कलेक्टर टीना डाबी, कैबिनेट मंत्री कन्हैयालाल चौधरी और अन्य अतिथि एक नवनियुक्त कार्मिक को नियुक्ति पत्र सौंपते हुए दिख रहे हैं।
टोंक के कृषि ऑडिटोरियम में शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पचपदरा रिफाइनरी उद्घाटन समारोह और प्रदेश को विभिन्न विकास योजनाओं की सौगात से जुड़े कार्यक्रम का वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से लाइव प्रसारण किया गया। इस अवसर पर टोंक जिले के विभिन्न विभागों में नवनियुक्त 1660 कर्मचारियों को नियुक्ति पत्र भी वितरित किए गए। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री कन्हैयालाल चौधरी ने शिरकत कर नवनियुक्त कार्मिकों को संबोधित किया।
अपने संबोधन में मंत्री कन्हैयालाल चौधरी ने सभी नवनियुक्त कार्मिकों से घर जाकर 11-11 पौधे लगाने की अपील की। उन्होंने कहा कि जिन भी कार्मिकों को आज नियुक्ति पत्र मिला है, उन्हें घर जाकर 11-11 पौधे लगाने हैं। जो ऐसा नहीं करेगा, उसे पाप लगेगा, क्योंकि अब वह सरकार का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि नवनियुक्त कार्मिकों को भजनलाल सरकार का धन्यवाद देना चाहिए कि उन्हें रोजगार दिया गया है। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि उनकी सरकार बड़े-बड़े दावे कर फेल हो जाती थी, जबकि वर्तमान सरकार लगातार भर्ती कैलेंडर जारी कर युवाओं को नियुक्तियां दे रही है।
मंत्री कन्हैयालाल चौधरी ने टोंक जिले में स्कूली बच्चों के लिए मानसून के दौरान एक नवाचार शुरू करने की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि इस वर्ष टोंक जिले के सभी सरकारी स्कूलों के बच्चों के माध्यम से करीब एक लाख पौधे लगाए जाएंगे। इसके लिए शिक्षा विभाग के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
रोजगार के मुद्दे पर बोलते हुए मंत्री चौधरी ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने 80 हजार युवाओं से ज्यादा को रोजगार नहीं दिया, जबकि वर्तमान सरकार लाखों युवाओं को रोजगार दे चुकी है और लगातार भर्ती कैलेंडर जारी कर नियुक्तियां प्रदान कर रही है।
मानसून को लेकर भी मंत्री कन्हैयालाल चौधरी ने कहा कि पिछले दो वर्षों से मानसून मेहरबान रहा है और इस बार भी भगवान की कृपा से अच्छी बारिश होने की उम्मीद है।
कार्यक्रम में जिला कलेक्टर टीना डाबी, पुलिस अधीक्षक रोशन मीणा, आयुक्त धर्मपाल जाट, भाजपा जिला अध्यक्ष चन्द्रवीर सिंह, पूर्व विधायक अजीत सिंह मेहता, पूर्व सभापति लक्ष्मी जैन, प्रभु बाडोलिया, विष्णु शर्मा, विनायक जैन सहित भाजपा के कई नेता तथा विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
