राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने 29 जुलाई को टोंक के जिला परिषद सभागार में जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ संवाद कर जनहित से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने नशामुक्त भारत अभियान और राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष जोर देते हुए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। साथ ही विद्यार्थियों में नैतिक शिक्षा के माध्यम से चरित्र निर्माण को बढ़ावा देने की आवश्यकता भी बताई।

राज्यपाल श्री बागडे ने कहा कि केन्द्र सरकार ने नशामुक्त भारत अभियान को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है और इसकी शुरुआत सरकारी विभागों से होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि राजकीय कार्मिक मादक पदार्थों का सेवन नहीं करें, ताकि वे समाज के लिए प्रेरणा स्रोत बन सकें। उन्होंने विश्वविद्यालयों, महाविद्यालयों और विद्यालयों के शिक्षकों को भी इस दिशा में विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। उनका कहना था कि शिक्षण संस्थानों में नैतिक मूल्यों को बढ़ावा देकर समाज में नशे की बढ़ती प्रवृत्ति को रोका जा सकता है। उन्होंने कहा कि युवा देश की ताकत हैं और उन्हें नशे से बचाना हम सभी की जिम्मेदारी है।



बैठक के दौरान राज्यपाल ने राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए टीबी मरीजों की शीघ्र पहचान कर उनका तत्काल उपचार शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि टीबी रोग को जड़ से समाप्त करने के लिए ग्राम पंचायत स्तर पर इस बीमारी को लेकर चर्चा और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। उन्होंने “टीबी मुक्त टोंक” के लक्ष्य के साथ कार्य करने पर जोर दिया।

राज्यपाल ने कहा कि डोर-टू-डोर सर्वे, स्क्रीनिंग और समय पर उपचार के माध्यम से टीबी से अनेक लोगों का जीवन बचाया जा सकता है। उन्होंने रोगियों के सम्पूर्ण उपचार के लिए निःशुल्क दवा उपलब्ध कराने के साथ-साथ निक्षय मित्र बनाकर पोषण किट उपलब्ध करवाने के भी निर्देश दिए।

समीक्षा बैठक में संभागीय आयुक्त अजमेर शक्ति सिंह राठौड़, जिला कलेक्टर टीना डाबी, पुलिस अधीक्षक रोशन मीना सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में जनहित से जुड़े कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा करते हुए उनके प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष बल दिया गया।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story