टोंक। ग्राम पंचायत गेदिया में पंचायत चुनाव के बाद विवाद गहराता नजर आ रहा है। जान से मारने की धमकी देने, गाली-गलौज और अभद्रता के आरोपों को लेकर एक पीड़ित परिवार ने ग्रामीणों के साथ जिला कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन किया और जिला कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर न्याय की गुहार लगाई।

पीड़ित पक्ष के रतन लाल गुर्जर, सरपंच प्रत्याशी सीमा गुर्जर और सरपंच प्रत्याशी के पति मुकेश गुर्जर ने नवनिर्वाचित सरपंच सौम्या सिंह के ससुर रणजीत सिंह और उनके सहयोगियों पर अभद्रता करने, परिवार को परेशान करने तथा जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए हैं।

पीड़ित रतन लाल गुर्जर के अनुसार, उनकी पुत्रवधू ने पंचायत राज चुनाव के चौथे चरण में सरपंच पद के लिए चुनाव लड़ा था। चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद नवनिर्वाचित सरपंच सौम्या सिंह के ससुर रणजीत सिंह उनके घर पहुंचे और कथित तौर पर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकियां दीं।

इस घटना से जुड़ा बताया जा रहा एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में एक व्यक्ति कुछ लोगों के साथ घर के बाहर अभद्रता और गाली-गलौज करता नजर आ रहा है। घटना के बाद से पीड़ित परिवार भयभीत है और लगातार कार्रवाई की मांग कर रहा है।

मामले को लेकर ग्रामीणों ने जिला कलेक्ट्रेट पर नारेबाजी करते हुए प्रशासन से निष्पक्ष जांच कराने और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग उठाई। ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग करते हुए प्रशासन का ध्यान पूरे घटनाक्रम की ओर आकर्षित किया।

वहीं, जिला कलेक्टर ने पीड़ित परिवार और ग्रामीणों को मामले में कार्रवाई का आश्वासन दिया है। अब पीड़ित परिवार को प्रशासनिक कार्रवाई का इंतजार है। ग्राम पंचायत गेदिया में चुनाव परिणाम के बाद सामने आए इस विवाद को लेकर ग्रामीणों ने निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई है।

Next Story