टोंक में दूध देने जा रहे किसान की हत्या, मुर्कियां और नकदी लूटकर बदमाश फरार
टोंक के बनेठा थाना क्षेत्र में दूध देने जा रहे किसान राजुलाल गुर्जर की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। बदमाश कानों की मुर्कियां और नकदी लूटकर फरार हुए। पुलिस टीमें सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों से संदिग्धों की तलाश में जुटी हैं।

तस्वीर में टोंक कलेक्ट्रेट परिसर के बाहर किसान की हत्या के विरोध में धरने पर बैठे ग्रामीण और परिजन दिखाई दे रहे हैं।
टोंक जिले के बनेठा थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह दूध देने जा रहे किसान राजुलाल गुर्जर की अज्ञात बदमाशों ने धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी। वारदात कल्याणपुरा गांव की धाभाई की ढाणी के पास हुई। हत्या के बाद बदमाश किसान के कानों की मुर्कियां और जेब में रखी नकदी लूटकर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और वारदात को लेकर आक्रोश जताया। पुलिस अधीक्षक रोशन मीणा के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रतनलाल भार्गव, उनियारा डीवाईएसपी अशोक कानखेड़िया सहित पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर टोंक के सआदत अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया।
आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर आक्रोशित ग्रामीण सआदत अस्पताल की मोर्चरी के बाहर एकत्रित हो गए। सरपंच संघ प्रदेश उपाध्यक्ष हंसराज फागणा, घांस पंचायत सरपंच मुकेश गुर्जर और भागचंद गुर्जर के साथ मृतक के परिजन धरने पर बैठ गए।
इसके बाद गुर्जर नेता प्रहलाद खटाणा धरना स्थल पर पहुंचे। उन्होंने मृतक राजूलाल गुर्जर के परिजनों और ग्रामीणों के साथ सआदत अस्पताल की मोर्चरी के बाहर से नारेबाजी करते हुए कलेक्ट्रेट परिसर पहुंचकर धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया।
मामले की जानकारी पर डीवाईएसपी मृत्युंजय मिश्रा और टोंक तहसीलदार अजीतपाल सिंह यादव कलेक्ट्रेट परिसर पहुंचे। उन्होंने मृतक के परिजनों और ग्रामीणों से समझाइश की और एडीएम विनोद कुमार मीणा से वार्ता करवाई। वार्ता में मृतक के परिजनों और ग्रामीणों की ओर से राजूलाल गुर्जर की हत्या में शामिल आरोपियों को 15 दिन में गिरफ्तार कर मामले का खुलासा करने तथा मृतक के परिजन को डेयरी बूथ आवंटित करने पर सहमति बनी।
सहमति बनने के बाद घटना के करीब 10 घंटे बाद मेडिकल बोर्ड से शव का पोस्टमार्टम करवाया गया।
उधर, पुलिस की साइबर टीम, जिला स्पेशल टीम और एफएसएल टीम ने जांच शुरू कर दी है। टीमें आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ घटनास्थल से साक्ष्य जुटा रही हैं। तकनीकी जांच के साथ अन्य पहलुओं पर भी पड़ताल की जा रही है और संदिग्धों की तलाश जारी है।

