टोंक में बहना दूज कार्यक्रम आयोजित, 100 से अधिक एकल महिलाएं शामिल
एकल नारी शक्ति संस्थान के आयोजन में रक्षा सूत्र बांधकर सुरक्षा का संकल्प लिया गया और पेंशन सत्यापन व सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।

टोंक में एकल नारी शक्ति संस्थान के बहना दूज कार्यक्रम में महिला पुलिसकर्मी प्रतिज्ञा दिलाती हुई।
टोंक। सामाजिक रूढ़ियों और परंपरागत बंधनों को तोड़कर आत्मसम्मान और बहनचारे की नई मिसाल पेश करने के उद्देश्य से एकल नारी शक्ति संस्थान की ओर से गुरुवार को भूतेश्वर महादेव मंदिर परिसर, टोंक में बहना दूज- जश्न बहनचारे का कार्यक्रम हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। इसमें टोंक और निवाई ब्लॉक की 100 से अधिक एकल महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम में एकल महिलाओं ने सामाजिक कुरीतियों को पीछे छोड़ते हुए लाल चुनरी ओढ़ी और मेहंदी में बिंदी लगाकर उत्सव का शुभारंभ किया। इस अवसर पर सभी महिलाओं ने एक-दूसरे के हाथों में रक्षा सूत्र बांधकर आपसी सहयोग और सुरक्षा का संकल्प लिया। सामाजिक कार्यकर्ता एवं अधिवक्ता शैलेंद्र गर्ग ने सभी बहनों को रक्षा सूत्र बांधा। वहीं, कार्यक्रम की विशेष अतिथि महिला थाने की एसआई संजू महावर ने सभी महिलाओं को बहनचारे की प्रतिज्ञा दिलाई। इसमें बहनों ने एक-दूसरे की रक्षा करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान बहन-बहन के रिश्ते को सबसे मजबूत बताया गया।
एकल नारी शक्ति संस्थान की टीम लीडर रीना शर्मा ने कार्यक्रम के उद्देश्य की जानकारी देते हुए बताया कि इस अनूठे त्योहार की शुरुआत वर्ष 2016 में राज्य स्तर पर की गई थी। इसके बाद इसे जिला, ब्लॉक और पंचायती स्तर तक विस्तार दिया गया। अब यह आयोजन पूरे राजस्थान में मनाया जा रहा है। इस वर्ष बहना दूज का कार्यक्रम 13 से 19 नवंबर तक आयोजित किया जाएगा।
संस्थान की पूर्व अध्यक्ष लक्ष्मी जैन ने एकल महिलाओं को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने पेंशन सत्यापन की प्रक्रिया के बारे में भी बताया और महिलाओं का हौसला बढ़ाया।
संस्थान की कार्यकारिणी सदस्य जमीला बानो ने बताया कि वर्ष 2016 से पहले एकल महिलाएं इस तरह चुनरी नहीं पहनती थीं, लेकिन बहना दूज का आयोजन शुरू होने के बाद उनके पहनावे में बदलाव आया है। अब महिलाएं नई-नई डिजाइनों की रंगीन चुनरी पहनकर कार्यक्रम में शामिल होती हैं।
क्षेत्रीय कार्यकर्ता प्रेमलता सोनी ने जोशपूर्ण गीतों और नारों के माध्यम से महिलाओं में उत्साह का संचार किया और कार्यक्रम का संचालन करवाया। वहीं, संगठन की ब्लॉक कमेटी सदस्य ममता सोनी ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि वह 20 साल पहले विधवा हुई थीं। वर्ष 2016 में बहना दूज मनाने की शुरुआत होने के बाद उन्होंने चुनरी पहनना शुरू किया। इससे पहले वह रंगीन कपड़े और चुनरी जैसी साड़ियां नहीं पहनती थीं।
बहना दूज का यह आयोजन एकल महिलाओं को सामाजिक पहचान, आपसी सहयोग और आत्मसम्मान के साथ आगे बढ़ने का अवसर देने के साथ बहनचारे और एक-दूसरे की सुरक्षा के संकल्प को मजबूत करने का माध्यम बना।

