पुरानी टोंक चाकूबाजी मामले में मुख्य आरोपी गिरफ्तार, नाबालिग निरुद्ध
पुरानी रंजिश के हमले में युवक जयपुर रेफर हुआ था; विरोध में हाईवे जाम के बाद विशेष और थाना पुलिस टीमों ने कार्रवाई की।

पुरानी टोंक चाकूबाजी मामले में आरोपी की गिरफ्तारी की जानकारी देते पुलिस अधीक्षक रोशन मीना।
टोंक के पुरानी टोंक थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर युवक पर चाकू से जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। वारदात में शामिल एक बाल अपचारी को भी निरुद्ध किया गया है। 18 नवंबर की शाम छावनी क्षेत्र में हुई इस घटना के बाद कीर समाज और पीड़ित परिवार के लोगों ने कामधेनू सर्किल पर हाईवे जाम कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की थी।
पुलिस अधीक्षक रोशन मीना ने शनिवार को प्रेसवार्ता कर मामले में की गई कार्रवाई का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि पुलिस ने चाकूबाजी की वारदात में शामिल शातिर आरोपी राजवीर उर्फ चूच्चा पुत्र भंवर लाल (19), निवासी अस्तल रोड, थाना पुरानी टोंक को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही एक बाल अपचारी को भी निरुद्ध किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 18 नवंबर की शाम पुरानी टोंक थाना क्षेत्र के कीरों के मोहल्ले में पुरानी रंजिश के चलते राजवीर उर्फ चूच्चा ने शैतान कीर के साथ मारपीट की और उसकी पीठ में चाकू घोंपकर मौके से फरार हो गया। हमले में घायल शैतान स्वयं बाइक से सआदत अस्पताल पहुंचा। वहां उसकी हालत नाजुक होने पर चिकित्सकों ने उसे जयपुर रेफर कर दिया। फिलहाल शैतान का जयपुर के एक अस्पताल में उपचार चल रहा है।
घटना के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर कीर समाज और पीड़ित परिवार के सदस्यों ने कामधेनू सर्किल पर हाईवे जाम कर दिया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर आरोपियों की तलाश और गिरफ्तारी के लिए जिला स्पेशल पुलिस टीम तथा पुरानी टोंक थाना पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई।
जिला स्पेशल पुलिस टीम में प्रभारी ओम प्रकाश, सहायक उपनिरीक्षक मोहम्मद शरीफ, नारायण, हेड कांस्टेबल राम राज और हंसराज तथा कांस्टेबल राधा मोहन, शिवपाल, राधा कृष्ण, राजेश, प्रधान, रूक्मकेश और विक्रांत को शामिल किया गया। वहीं पुरानी टोंक थाने की टीम में थानाधिकारी राजेंद्र प्रसाद, सहायक उपनिरीक्षक प्रदीप कुमार, फेलू राम तथा कांस्टेबल अनील, कालूराम, हनुमान और ओम प्रकाश शामिल रहे।
पुलिस टीमों के प्रयासों से मुख्य आरोपी राजवीर गुर्जर को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि एक बाल अपचारी को भी निरुद्ध किया गया। पुलिस अधीक्षक रोशन मीना ने मीडिया को बताया कि दोनों परिवारों के बीच लंबे समय से आपसी रंजिश चल रही थी। इसी रंजिश के चलते राजवीर ने वारदात को अंजाम दिया और घटना के बाद फरार हो गया था।
पुलिस फिलहाल गिरफ्तार आरोपी राजवीर से गहन पूछताछ कर रही है। जांच के दौरान चाकू की खरीद से लेकर आरोपी की आपराधिक कुंडली तक खंगाली जा रही है। वहीं बाल अपचारी को जांच के बाद किशोर न्याय बोर्ड टोंक में पेश किया गया, जहां से उसे संप्रेषण गृह भेज दिया गया है। इस कार्रवाई के साथ ही पुलिस ने चाकूबाजी के मामले में मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी और नाबालिग की निरुद्धता की पुष्टि की है।

