टोंक। शिक्षाविद् एवं समाजसेवी कमलेश सिंगोदिया के सुपुत्र डॉ. नीलोत्पल सिंगोदिया ने जनरल सर्जन बनकर अपने परिवार और टोंक जिले का गौरव बढ़ाया है। करीब 13 वर्षों की मेहनत, संघर्ष और समर्पण के बाद हासिल इस उपलब्धि पर टोंक पहुंचने पर उनका भव्य स्वागत किया गया। परिजनों और शहर के प्रबुद्धजनों ने माला पहनाकर, साफा बांधकर और आतिशबाजी के साथ उनका अभिनंदन किया। इस उपलब्धि से परिवार में खुशी का माहौल है।

डॉ. नीलोत्पल सिंगोदिया ने वर्ष 2013 में चिकित्सा क्षेत्र में करियर बनाने का सपना देखा था। इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए उन्होंने चीन की चोंगकिंग यूनिवर्सिटी से एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी की और पहले ही प्रयास में एमसीआई परीक्षा उत्तीर्ण की। इसके बाद वर्ष 2022 में जयपुर के एसडीएमएच से इंटर्नशिप पूरी की।

चिकित्सा शिक्षा के अगले चरण में डॉ. नीलोत्पल ने वर्ष 2023 से 2026 तक उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद स्थित टीएमयू से जनरल सर्जरी में एमएस की डिग्री हासिल की। इस तरह करीब 13 वर्षों की मेहनत और समर्पण के बाद उन्होंने जनरल सर्जन बनने का अपना लक्ष्य पूरा किया।

पुत्र की इस सफलता पर पिता कमलेश सिंगोदिया ने गर्व व्यक्त किया। उन्होंने उम्मीद जताई कि डॉ. नीलोत्पल चिकित्सा सेवा के माध्यम से गरीबों और जरूरतमंदों की मदद करेंगे तथा समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाएंगे।

डॉ. नीलोत्पल के टोंक पहुंचने पर आयोजित स्वागत समारोह में शिक्षाविद् गोरधन हीरोनी, अजीत सिंघल, व्यापार मंडल अध्यक्ष मनीष बंसल, वरिष्ठ पत्रकार भगवान सहाय शर्मा, प्रेम रघुवंशी, विनोद शर्मा, मोहनलाल बागड़ी, राजेश सिंगोदिया, वजाहत अख्तर, पुरुषोत्तम जोशी और रचित सिंगोदिया सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। डॉ. नीलोत्पल की यह उपलब्धि उनके परिवार के साथ टोंक जिले के लिए भी गौरव का विषय बनी।

Next Story