विकास और आधारभूत सुविधाओं के दावों के बीच निवाई-पीपलू विधानसभा क्षेत्र के पीपलू उपखंड की नवसृजित ग्राम पंचायत हाड़ी खुर्द स्थित ककराजकलां की कीरो की ढाणी आज भी पक्की सड़क जैसी मूलभूत सुविधा से वंचित है। ग्रामीणों का आरोप है कि आजादी के इतने वर्षों बाद भी उनके गांव तक पहुंचने वाले मुख्य मार्ग का डामरीकरण या सीसी सड़क निर्माण नहीं हो पाया है, जिससे उन्हें रोजमर्रा की जिंदगी में गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

जनसेवक एवं युवा नेता नरेश ककराज ने बताया कि कीरो की ढाणी में प्रवेश करने वाला मुख्य मार्ग लंबे समय से बदहाल स्थिति में है। सड़क पर पानी भरा रहने और कीचड़ जमा होने के कारण आवागमन बेहद कठिन हो गया है। ग्रामीणों का कहना है कि मार्ग के दोनों ओर अतिक्रमण होने से समस्या और गंभीर हो गई है। हालात ऐसे हैं कि कई स्थानों पर पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है तथा आए दिन दोपहिया वाहन चालक कीचड़ में फिसलकर गिर रहे हैं।

ग्रामीणों के अनुसार महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ रही है। बरसात के मौसम में सड़क की स्थिति और अधिक खराब हो जाती है, जिससे लोगों का घरों से निकलना तक कठिन हो जाता है। वहीं विद्यार्थियों को स्कूल आने-जाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों का दावा है कि रास्ते की बदहाली के कारण कई बार बच्चे नियमित रूप से विद्यालय भी नहीं पहुंच पाते हैं।

नरेश ककराज ने बताया कि इस समस्या के समाधान के लिए ग्रामीण लगातार जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों से गुहार लगा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरपंच से लेकर विधायक, प्रधान, जिला प्रमुख, जिला कलेक्टर, उपखंड अधिकारी, विकास अधिकारी और ग्राम विकास अधिकारी तक को कई बार ज्ञापन दिए जा चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।

कीरो की ढाणी के पूर्व उपसरपंच छोटूलाल कीर, पूर्व वार्ड पंच छीतरलाल सिकरवाल, अध्यापक सीताराम कीर सहित गजानंद, हरिराम, मनराज, पप्पूलाल, सोजीलाल, हेमराज, रामप्रकाश, सुरेन्द्र, दिनेश, महेन्द्र, रामजीलाल, प्रभूलाल, सिकंदर, सत्यनारायण, सोभाग, सुरमालाल, चौथमल, चेतन, कजोड़, मदन, घासीलाल, नीरज, अंबालाल और शायरलाल सहित सैकड़ों ग्रामीणों ने क्षेत्रीय विधायक रामसहाय वर्मा तथा टोंक जिला कलेक्टर टीना डाबी से कीरो की ढाणी के मुख्य मार्ग पर सीसी रोड अथवा डामरीकरण सड़क निर्माण करवाने की मांग की है।

ग्रामीणों का कहना है कि सड़क निर्माण केवल सुविधा का विषय नहीं, बल्कि शिक्षा, सुरक्षा और दैनिक जीवन से जुड़ा एक महत्वपूर्ण मुद्दा है। ऐसे में अब क्षेत्र के लोगों की निगाहें प्रशासन और जनप्रतिनिधियों पर टिकी हैं कि वर्षों पुरानी इस मांग पर कब तक अमल होता है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story