डॉ. पुष्पा शर्मा बनीं असिस्टेंट प्रोफेसर: नौ बार नेट उत्तीर्ण कर रचा कीर्तिमान
नगर परिषद टोंक में विधि अधिकारी डॉ. पुष्पा शर्मा का आरपीएससी सहायक आचार्य परीक्षा-2023 में चयन, प्रथम प्रयास में हासिल की सफलता।

नगर परिषद टोंक में विधि अधिकारी के पद पर कार्यरत डॉ. पुष्पा शर्मा, जिनका चयन आरपीएससी सहायक आचार्य परीक्षा-2023 में हुआ है।
उच्च शिक्षा के क्षेत्र में टोंक की बेटी डॉ. पुष्पा शर्मा ने अपनी विद्वता का लोहा मनवाते हुए सहायक आचार्य पद पर चयन सुनिश्चित कर महिला सशक्तिकरण की एक अनुकरणीय मिसाल कायम की है। राजस्थान लोक सेवा आयोग, अजमेर द्वारा घोषित सहायक आचार्य परीक्षा-2023 के ईएएफएम (EAFM) विषय के परिणाम में डॉ. पुष्पा शर्मा ने अपने प्रथम प्रयास में ही सफलता प्राप्त कर जिले का नाम गौरवान्वित किया है। वर्तमान में नगर परिषद टोंक में विधि अधिकारी (जेएलओ) के पद पर कार्यरत डॉ. पुष्पा ने अपने सेवा दायित्वों का पूर्ण निष्ठा के साथ निर्वहन करते हुए यह उपलब्धि हासिल की है।
डॉ. पुष्पा शर्मा की शैक्षणिक पृष्ठभूमि अत्यंत प्रभावशाली है। उन्होंने विधि विषय में पीएचडी की उपाधि प्राप्त की है, साथ ही वे यूजीसी-नेट परीक्षा को नौ बार उत्तीर्ण करने तथा चार बार जेआरएफ हेतु चयनित होने वाली राजस्थान की एकमात्र महिला अभ्यर्थी हैं। उनकी यह शैक्षणिक उत्कृष्टता उनके कठोर परिश्रम और विषय पर उनकी गहरी पकड़ को दर्शाती है। उनके जीवनसाथी डॉ. अभिषेक शर्मा जिला उपभोक्ता आयोग, टोंक में सदस्य (जिला जज कैडर) के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। विधि एवं उच्च शिक्षा के क्षेत्र में कार्यरत यह डॉक्टर दम्पत्ति अपनी अनूठी पहचान और कार्यशैली के लिए क्षेत्र में विशेष सम्मान रखता है।
डॉ. पुष्पा के सहायक आचार्य पद पर चयनित होने की सूचना प्राप्त होते ही नगर परिषद टोंक के कार्यालय में हर्ष का वातावरण छा गया। परिषद के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उन्हें माला पहनाकर, पुष्पवर्षा कर और मिठाई खिलाकर इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर बधाई दी। उनके इष्ट मित्रों एवं परिजनों में भी खुशी का संचार है। प्रथम प्रयास में ही असिस्टेंट प्रोफेसर के पद तक पहुंचने वाली डॉ. पुष्पा शर्मा की यह सफलता टोंक जिले के शिक्षाविदों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनी है, जो यह सिद्ध करती है कि दृढ़ इच्छाशक्ति और निरंतरता से किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
