टेक्नोलॉजी डेस्क, नई दिल्ली। सैमसंग के 5G स्मार्टफोन खरीदने की योजना बना रहे ग्राहकों को अब ज्यादा कीमत चुकानी होगी। कंपनी ने भारतीय बाजार में अपने तीन स्मार्टफोन Galaxy A27 5G, Galaxy M47 5G और Galaxy F70 Pro 5G की कीमतों में एक बार फिर बढ़ोतरी की है। हालिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इन तीनों स्मार्टफोन के सभी RAM और स्टोरेज वेरिएंट की कीमतें 2,000 रुपये तक बढ़ा दी गई हैं। इससे ग्राहकों के लिए इन फोन को खरीदने का बजट बढ़ गया है।

Gizmochina की रिपोर्ट के अनुसार, Samsung Galaxy A27 5G के अलग-अलग वेरिएंट अब पहले से महंगे हो गए हैं। फोन के 6GB RAM और 128GB स्टोरेज वाले वेरिएंट की कीमत पहले 33,999 रुपये थी, जो बढ़कर अब 35,999 रुपये हो गई है। इसी तरह, 8GB RAM और 128GB स्टोरेज वाले वेरिएंट के लिए अब 42,999 रुपये देने होंगे, जबकि इसकी पुरानी कीमत 40,999 रुपये थी। वहीं, 8GB RAM और 256GB स्टोरेज वाले वेरिएंट की कीमत 45,999 रुपये से बढ़कर 47,999 रुपये हो गई है।

Samsung Galaxy M47 5G और Galaxy F70 Pro 5G की नई कीमतें

Samsung Galaxy M47 5G और Galaxy F70 Pro 5G भी कीमतों में बढ़ोतरी से प्रभावित हुए हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, दोनों स्मार्टफोन के 6GB RAM और 128GB स्टोरेज वाले वेरिएंट की कीमत 35,999 रुपये से बढ़कर 37,999 रुपये हो गई है।

इन दोनों फोन के 8GB RAM और 128GB स्टोरेज वाले वेरिएंट की कीमत भी 39,999 रुपये से बढ़कर 41,999 रुपये पहुंच गई है। वहीं, 8GB RAM और 256GB स्टोरेज वाले वेरिएंट की कीमत बढ़कर 46,999 रुपये हो गई है।

सैमसंग की ओर से स्मार्टफोन की कीमतों में बढ़ोतरी का यह पहला मामला नहीं है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, कंपनी ने इससे पहले सितंबर में भी Galaxy A27 5G के सभी वेरिएंट की कीमतों में 2,000 रुपये तक की बढ़ोतरी की थी। अब Galaxy A27 5G, Galaxy M47 5G और Galaxy F70 Pro 5G के दाम फिर बढ़ने से इन मॉडलों को खरीदने की योजना बना रहे ग्राहकों को अपने बजट के हिसाब से फैसला लेना होगा।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story